Mukesh Khanna On Ranbir Kapoor: रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर फिल्म ‘रामायण’ रिलीज से पहले ही चर्चा में है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म के ट्रेलर और विजुअल्स को लेकर जहां दर्शकों के बीच उत्सुकता है, वहीं अब अभिनेता मुकेश खन्ना ने फिल्म में श्रीराम के चित्रण और एक्शन सीन्स पर सवाल उठाए हैं।
मुकेश खन्ना ने एक्शन करने पर उठाए सवाल
मुकेश खन्ना ने बॉलीवुड नाउ को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि भगवान राम को ‘मर्यादा पुरुषोत्तम’ के रूप में देखा जाता है और उन्हें फिल्म में एक सामान्य एक्शन हीरो की तरह दिखाना उन्हें पसंद नहीं आया। उन्होंने खास तौर पर उस दृश्य पर आपत्ति जताई, जिसमें रणबीर कपूर श्रीराम के किरदार में पेड़ पर चढ़कर तीर चलाते दिखाई देते हैं।
मुकेश खन्ना ने कहा कि उन्होंने रामायण के जिन संस्करणों को पढ़ा और देखा है, उनमें भगवान राम को इस तरह एक्शन करते हुए नहीं दिखाया गया। उनके मुताबिक, फिल्म में श्रीराम के किरदार को जरूरत से ज्यादा ‘मैन ऑफ एक्शन’ की तरह पेश किया गया है। उन्होंने तुलना करते हुए कहा कि श्रीराम को सलमान खान, अमिताभ बच्चन और रजनीकांत जैसा एक्शन स्टार बना दिया गया है।
VFX को लेकर भी जताई आपत्ति
मुकेश खन्ना ने फिल्म में बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किए गए विजुअल इफेक्ट्स यानी VFX को लेकर भी अपनी राय रखी। उनका कहना है कि अंतरराष्ट्रीय दर्शक इसे बड़े स्तर की फैंटेसी फिल्म के तौर पर देख सकते हैं, लेकिन भारत में राम का किरदार धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था से जुड़ा हुआ है। इसलिए उनके अनुसार श्रीराम का चित्रण श्रद्धा और मर्यादा के साथ किया जाना चाहिए।
रणबीर की कास्टिंग पर पहले भी उठे सवाल
रणबीर कपूर की कास्टिंग को लेकर भी पहले से चर्चा होती रही है। सैन डिएगो कॉमिक-कॉन में रणबीर ने खुद इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि रामायण देखने वाले हर व्यक्ति के मन में भगवान राम की अपनी एक छवि और व्याख्या हो सकती है। उन्होंने कहा था कि कुछ लोग उन्हें इस भूमिका के लिए सही नहीं मान सकते, जबकि कुछ लोग सही कास्टिंग मान सकते हैं। रणबीर ने इस भूमिका के लिए सही नीयत, विश्वास और आस्था को महत्वपूर्ण बताया था।
लोगों ने मुकेश के बयान पर उठाए सवाल
मुकेश खन्ना के इस वीडियो को देखने के बाद कई लोगों ने उनके विचार पर सवाल उठाए। कई लोगों ने उन्हें ये बताया कि ये फिल्म उनके किरदार से प्रेरित है। वहीं कई लोगों ने उन्हें याद दिलाया कि इससे पहले वो ऐसे ही रणवीर सिंह के पीछे भी पड़ चुके हैं।



.