बरेली में तीन से पांच अक्टूबर तक राज कुमार अग्रवाल मेमोरियल इंटर स्कूल वॉलीबॉल टूर्नामेंट होगा। विद्या वर्ल्ड स्कूल, बरेली वॉलीबॉल एसोसिएशन और जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन इसे मिलकर करा रहे हैं। इसमें बरेली समेत आसपास के 85 स्कूलों की 140 टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में जूनियर और सीनियर वर्ग में बालक-बालिका टीमें भाग लेंगी। इनमें 45 जूनियर बालक, 17 जूनियर बालिका, 60 सीनियर बालक और 18 सीनियर बालिका टीमें शामिल हैं। मुकाबले छह कोर्ट पर होंगे, जिसके लिए 18 तकनीकी अधिकारी तैनात रहेंगे। यह प्रतियोगिता पिछले साल 102 टीमों के साथ शुरू हुई थी। इस बार मिलक, रामपुर, पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर के स्कूल भी शामिल होने से इसका दायरा बढ़ा है। खिलाड़ियों से कोई एंट्री फीस नहीं ली जाएगी, सभी को सर्टिफिकेट मिलेगा। विजेता-उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व नकद इनाम मिलेंगे। सीनियर वर्ग में विजेता को 11 हजार, उपविजेता को 7,500 रुपये मिलेंगे। जूनियर वर्ग में विजेता को 8,500 और उपविजेता को 5,500 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। विद्यालय के प्रबंध निदेशक रवि प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में टीम भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करना है।

