नगर कोतवाल पर अभद्रता का आरोप, कांग्रेस का प्रदर्शन:कार्यकर्ताओं से मारपीट और निशाना बनाने का आरोप, कोतवाल को हटाने की मांग

नगर कोतवाल पर अभद्रता का आरोप, कांग्रेस का प्रदर्शन:कार्यकर्ताओं से मारपीट और निशाना बनाने का आरोप, कोतवाल को हटाने की मांग

बुलंदशहर में चुनाव आयोग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ नगर कोतवाल सुजीत उपाध्याय द्वारा कथित अभद्रता और मारपीट के विरोध में कांग्रेसियों का गुस्सा फूट पड़ा। गुरुवार दोपहर 3 बजे जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर कोतवाली पुलिस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। ​कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान ने एसएसपी को सौंपे शिकायती पत्र में कहा कि जिले में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा कानून-व्यवस्था सुधारने के अच्छे प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन कुछ पुलिस अधिकारियों के रवैये से महकमे की छवि धूमिल हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि 28 सितंबर को प्रदर्शन के बाद नगर कोतवाल सुजीत उपाध्याय ने कार्यकर्ताओं के साथ जानबूझकर अभद्र व्यवहार और मारपीट की।
उन्होंने कहा कि एएसपी प्रेमसुख दरिया ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला, लेकिन नगर कोतवाल का रवैया तनाव बढ़ाने वाला था। कांग्रेस ने मांग की है कि नगर कोतवाल को शहर से हटाकर देहात में भेजा जाए और उन्हें पुलिस आचरण नियमावली व भीड़ प्रबंधन का पुनः प्रशिक्षण दिया जाए। शिकायत में चौकी नरसलघाट प्रभारी अशोक कुमार पर कांग्रेस नेता नईम मंसूरी को टारगेट करने और दुकानदारों से अवैध वसूली के आरोपों की जांच की मांग भी की गई। इसके अलावा, 25 अगस्त को थाना ककोड़ प्रभारी द्वारा युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष इसराइल गहलोत और प्रदेश सचिव गौरव जयराम के साथ हुई अभद्रता के मामले में अब तक की गई कार्रवाई को सार्वजनिक करने की मांग दोहराई गई।
​कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि कार्यकर्ता के सम्मान से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। पुलिस को अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में जाति, धर्म या राजनीतिक आधार पर भेदभाव से बचना चाहिए और सत्ता के इशारे पर काम करने के बजाय कानून का पालन करना चाहिए। ​इस दौरान कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष गांधी, शहर अध्यक्ष रवि लोधी, प्रशांत वाल्मीकि, राकेश भाटी, साजिद गाजी, वीरेंद्र शर्मा, मनोज शर्मा, नईम मंसूरी, गौरव जयराम, इसराइल गहलोत समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *