IND vs SL 2nd Semi-Final Highlights: एशियन गेम्स 2026 में मेंस क्रिकेट इवेंट में गुरुवार को दूसरा सेमीफाइनल भारत और श्रीलंका के बीच खेला गया। निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका के सामने 170 रनों का लक्ष्य रखा था। इसके जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 9.5 ओवर में महज 45 के स्कोर पर ढेर हो गई और भारत ने 124 रन के अंतर से बड़ी जीत दर्ज की। अब फाइनल में भारत का मुकाबला पाकिस्तान से होगा।
वैभव सूर्यवंशी ने खेली 21 गेंदों पर 38 रन की पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाए। हालांकि भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन महज सात-सात रन ही बना सके। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी बल्ले से निराश किया। वह 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर अच्छी लय में नजर आए। उन्होंने 21 गेंदों पर 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 38 रनों की शानदार पारी खेली।
ईशान किशन ने खेली 80 रन की दमदार पारी
59 के स्कोर पर तीन विकेट गिरने के बाद ईशान किशन क्रीज पर आए और एक छोर से शानदार बल्लेबाजी की, लेकिन दूसरे छोर लगातार विकेट गिरते रहे। ईशान ने पहले 33 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 46 गेंदों पर चार चौके और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 80 रनों की पारी खेली। वहीं, अक्षर पटेल 8 रन बनाकर आउट हुए, तो तिलक वर्मा (2 रन) और शिवम दुबे (3 रन) का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा। वहीं, श्रीलंका की ओर से थारिन्दु रथनायके और सहान अराचिगे ने 2-2 विकेट चटकाए।
10 बल्लेबाज सिंगल डिजिट में सिमटे
170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। सिनेथ जयवर्धने, लसिथ क्रूसपुले और सोहन डी लिवेरा बगैर खाता खोले पवेलियन लौटे। टॉप तीन बल्लेबाजों के जीरो पर आउट होने के बाद श्रीलंकाई टीम पूरे मैच में दबाव से नहीं उबर सकी। नुवानिदु फर्नांडो ने 11 गेंदों में 15 रन बनाए। उनके अलावा अन्य कोई बल्लेबाज सिंगल डिजिट को पार नहीं कर सका और श्रीलंका की पूरी टीम महज 45 रनों पर ढेर हो गई। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ने दो-दो विकेट चटकाए, जबकि वॉशिंगटन सुंदर ने एक विकेट लिया।





:
: 
