फरीदाबाद सेक्टर-10 स्थित एक स्क्रैप गोदाम में वीरवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में रखा स्क्रैप और अन्य सामान इसकी चपेट में आ गया। आग में कई लाख रुपए का सामान जलकर राख होने की आंशका जताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हादसे के समय गोदाम में मजदूर काम कर रहे थे। आग लगते ही सभी मजदूर बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग लगते अफरा-तफरी मच गई पुलिस के अनुसार, सेक्टर-10 में एक जगह पर स्क्रैप का गोदाम बना हुआ है। गुरुवार करीब दोपहर 1 बजे अचानक गोदाम में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने गोदाम में रखे स्क्रैप को अपनी चपेट में ले लिया। आग और धुएं का गुबार उठता देखकर आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई। पास से गुजर रहे तार में शॉर्ट सर्किट का दावा गोदाम में काम करने वाले मजदूरों ने बताया कि गोदाम के पास से बिजली का तार गुजर रहा है। इसी तार में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद चिंगारी निकलने से गोदाम में आग लग गई। हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। कई घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर बिग्रेड कर्मचारियों ने आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोकने के लिए लगातार प्रयास किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग में गोदाम में रखा काफी सामान जल गया। फिलहाल नुकसान का सही आकलन किया जा रहा है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आग की घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

