कोटपूतली के आसपुरा गांव में गुरुवार को प्राचीन बालाजी मंदिर की बावड़ी परिसर में ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’ के तहत श्रमदान हुआ। इसमें अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. गोपाल लाल मीणा सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, ग्रामीण और स्कूली छात्र शामिल हुए। श्रमदान से बावड़ी और आसपास के इलाके की साफ-सफाई हुई। कचरा और बेकार सामान हटाया गया, जिससे परिसर साफ-सुंदर हो गया। इससे ग्रामीणों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना बढ़ी। डॉ. मीणा ने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सिर्फ अभियान नहीं, हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्राचीन बावड़ियों को विरासत और जल संरक्षण का प्रतीक बताया और कहा कि इनके संरक्षण में आम लोगों की भागीदारी अहम है। ग्रामीणों से आसपास स्वच्छता रखने और दूसरों को प्रेरित करने को कहा गया। सरकार और कलेक्टर के निर्देश पर 15 सितंबर से 2 अक्टूबर तक जिलेभर में ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’ की गतिविधियां चल रही हैं। देखें सफाई अभियान की PHOTOS-

