शहर में बिजली के ढीले और झूलते तार लोगों के लिए परेशानी के साथ हादसे का खतरा बने हुए हैं। तिगरी बाजार, सर्राफा बाजार, कपड़ा बाजार और तेलीवाड़ा क्षेत्र सहित कई इलाकों में मकानों और दुकानों के ऊपर से बिजली के तारों का जाल नजर आता है। कई जगह तार काफी नीचे तक लटक रहे हैं। ऐसे में दुकानदारों और राहगीरों को इनके नीचे से गुजरना पड़ता है। अधीक्षण अभियंता सुल्तान सिंह राठौड़ ने बताया कि बिजली लाइनों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर विभाग लगातार काम कर रहा है। ढीले तार, झुके पोल या अन्य समस्या की शिकायत मिलने पर टीम भेजकर सुधार की कार्रवाई की जाती है। सिर के ऊपर झूल रहे तार नागौर के तिगरी बाजार क्षेत्र में बिजली तारों की स्थिति बेहद अव्यवस्थित नजर आती है। मकानों और दुकानों के बीच से गुजर रहे तार कई जगह आपस में उलझे हुए हैं। सर्राफा बाजार और अन्य व्यस्त बाजारों में भी तार नीचे तक लटक रहे हैं। तेलीवाड़ा क्षेत्र में भी कई जगह बिजली तारों का जाल दिखाई देता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज हवा, बारिश या आंधी के दौरान इन तारों से खतरा और बढ़ जाता है। शिकायतों के बाद भी समाधान का इंतजार स्थानीय निवासियों का कहना है कि बिजली तारों की स्थिति को लेकर विभाग को कई बार शिकायतें की गई हैं। इसके बावजूद कई स्थानों पर समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। बाजारों में दुकानों और घरों के ऊपर से गुजरते तारों के कारण लोगों में लगातार हादसे की आशंका बनी रहती है। मौसम बदलते ही बढ़ जाता है खतरा बारिश और तेज हवा के दौरान बिजली तारों के टूटने या आपस में टकराने का खतरा बढ़ जाता है। शहर के घनी आबादी वाले इलाकों में बिजली लाइनों के नीचे दुकानें और मकान होने से जोखिम और गंभीर हो जाता है। स्थानीय लोगों की मांग है कि विभाग शहर में ऐसे स्थानों का सर्वे कराकर ढीले तारों को व्यवस्थित करवाए और खराब पोल व लाइन की समय पर मरम्मत कराए।

