लखीमपुर में संचारी रोगों के खिलाफ गुरुवार को जागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर से सुबह 10 बजे रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। उन्होंने लोगों को साफ-सफाई रखने, जलभराव रोकने और मच्छरों की रोकथाम के प्रति जागरूक किया। जिला मलेरिया अधिकारी हरिशंकर ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 से 31 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। अभियान में नगर पालिका, पंचायती राज, स्वास्थ्य, शिक्षा और सूचना विभाग समेत करीब 12 विभाग शामिल हैं। संबंधित विभागों की टीमें अपने-अपने स्तर पर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताएंगी। जलभराव और मच्छरों की रोकथाम पर रहेगा जोर अभियान के दौरान जलभराव वाले स्थानों की पहचान कर मच्छरों की रोकथाम के लिए आवश्यक गतिविधियां की जाएंगी। लोगों को आसपास साफ-सफाई रखने और घरों के आसपास पानी जमा न होने देने के लिए जागरूक किया जाएगा। विभागीय टीमें संचारी रोगों से बचाव को लेकर लोगों को जरूरी जानकारी भी देंगी। 12 से 31 अक्टूबर तक घर-घर दस्तक जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि 12 से 31 अक्टूबर तक घर-घर दस्तक अभियान भी चलाया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों को बीमारियों से बचाव के उपाय बताएंगी और जागरूक करेंगी। अभियान का उद्देश्य लोगों को समय रहते सावधान करना और संचारी रोगों के प्रसार को रोकना है। रैली में दिए गए बचाव के संदेश जागरूकता रैली के दौरान लोगों को ‘बुखार में देरी पड़ेगी भारी’ और ‘पानी ठहरेगा जहां, मच्छर पनपेगा वहां’ जैसे संदेश दिए गए। लोगों से अपील की गई कि वे अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें। साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखकर मच्छरों और उनसे होने वाली बीमारियों से बचाव में सहयोग करें।

