डीडवाना-कुचामन जिले में पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें 2 इनामी बदमाश भी शामिल हैं। ये आरोपी चंडीगढ़ से अवैध शराब भरकर गुजरात में सप्लाई करते थे। जसवंतगढ़ थानाधिकारी राजेश कुमार की टीम ने यह कार्रवाई की। पहले निम्बीजोधा थाने में एक टेम्पो जब्त हुआ था। इसमें 7,868 पव्वे और 200 बोतल अवैध शराब मिली। 5 जुलाई को पुलिस ने टेम्पो को रोकने की कोशिश की, लेकिन ड्राइवर ने उसे भगाया और टेम्पो पलट गया। टेम्पो को एस्कॉर्ट कर रही कार में सवार लोग ड्राइवर को अपने साथ ले गए। 2 आरोपी बाड़मेर, 2 को चंडीगढ़ में दबोचा
जांच में प्रकाश सिंह और गणेशकुमार की भूमिका सामने आई, जिन पर 2,500-2,500 रुपए का इनाम था। पुलिस ने उन्हें बाड़मेर में पाकिस्तान सीमा से सटे एक गांव से पकड़ा। पूछताछ के बाद मनोहरलाल और संजय खिलेरी को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में प्रकाश सिंह (30) निवासी जाटों का बेरा, सारला, थाना बाखासर, जिला बाड़मेर; गणेशकुमार (26) निवासी जाटों का बेरा, सारला, थाना बाखासर, जिला बाड़मेर; मनोहरलाल (35) निवासी पमाणा, थाना झाब, जिला जालौर तथा संजय खिलेरी (29) निवासी सरनाऊ, थाना सांचौर, जिला जालौर शामिल हैं।

