उदयपुर के सवीना थाना क्षेत्र में बुधवार रात को दो अधिवक्ता पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। एक बार एंड रेस्टोरेंट में बुकिंग करवाने गए दो अधिवक्ताओं से बदमाशों ने मारपीट कर दी। इसमें एक अधिवक्ता गंभीर घायल हो गया। दूसरे को भी चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार फतहनगर के सनवाड़ा निवासी अनिल मीणा और सेक्टर-14 निवासी निलेश अधिवक्ता है। दोनों बुधवार शाम को सेक्टर-11 स्थित चस्का बार एंड रेस्टोरेंट में बर्थडे पार्टी के लिए बुकिंग करवाने गए। वहां पास खड़े कुछ युवक तेज आवाज में बात कर रहे थे। दोनों ने उन्हें धीमी आवाज में बात करने को कहा। इस पर बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। फ्राइपेन से मारपीट की। इससे अनिल के सिर-मुंह पर चोटें आई है। आसपास के लोगों के बचाव करने पर दोनों से वहां से निकल गए। अनिल एमबी हॉस्पिटल में भर्ती है। बार एसोसिएशन अध्यक्ष जितेंद्र जैन समेत अन्य अधिवक्ता भी हॉस्पिटल पहुंचे। फिर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। विरोध में आज न्यायिक काम नहीं करेंगे वकील अधिवक्ता अनिल के साथ गंभीर मारपीट के मामले में अधिवक्ताओं में भारी रोष है। इसको लेकर बार एसोसिएशन ने 1 अक्टूबर को न्यायिक कार्य नहीं करने का फैसला किया। अधिवक्ता एकजूट होकर एसपी को ज्ञापन सौंपेंगे। आरोपी के गिरफ्तार नहीं होने पर आगे की रणनीति तय की जाएगी। एसोसिएशन ने संभाग के अधिवक्ताओं से अनिल के केस में आरोपी की पैरवी नहीं करने का आग्रह किया है।

