सफाई पूरी, आज ठेले व सब्जी वाले शिफ्ट होंगे

सफाई पूरी, आज ठेले व सब्जी वाले शिफ्ट होंगे

भास्कर संवाददाता| दतिया भैरव मंदिर से राजगढ़ चौराहा के बीच लगने वाले जाम को हटाने के लिए अब सड़क किनारे लगने वाले ठेले और सब्जी की दुकानें पार्क में शिफ्ट की जाएंगी। इसके लिए नगर पालिका ने बुधवार को पार्क की सफाई और जमीन समतल कराने का काम पूरा कर लिया। सुबह 11 से शाम 5 बजे तक 10 से अधिक सफाई कर्मचारी काम में लगे रहे। मलबा, पत्थर और झाड़ियां हटाने के लिए जेसीबी समेत दूसरी मशीनों का भी इस्तेमाल किया गया। गुरुवार सुबह यातायात पुलिस और नपा टीम मिलकर ठेले और सब्जी-फल वालों को पार्क में शिफ्ट करेगी। अभी भैरव मंदिर से राजगढ़ चौराहा के बीच सड़क के दोनों ओर ठेले और सब्जी वाले खड़े होते हैं। इनके सामने ग्राहक बाइक और दूसरे वाहन सड़क पर खड़े कर खरीदारी करते हैं। इससे सड़क की जगह कम पड़ती है और बार-बार जाम की स्थिति बनती है। जाम की समस्या दूर करने के लिए यातायात पुलिस और नगर पालिका ने मिलकर पार्क को नई चौपाटी के रूप में तैयार करने की पहल की है। दतिया यातायात आरआई हिमांशु तिवारी का कहना है नपा का सहयोग लेकर हम गुरुवार सुबह 8 बजे से सब्जी वालों और ठेले वालों को शिफ्ट करेंगे। फिर यह सड़क पर नहीं आएं इसीलिए लगातार मॉनिटरिंग होगी। पार्किंग के लिए नई जगह मिलेगी, जाम नहीं लगेगा वन विभाग की बाउंड्री के पास जहां अभी फल-सब्जी के ठेले खड़े होते हैं, वहां अब वाहनों की पार्किंग की जाएगी। चौपाटी में खरीदारी या खान-पान के लिए आने वाले लोग इसी जगह पर वाहन पार्क कर सकेंगे। इससे सड़क किनारे बेतरतीब वाहन खड़े नहीं होंगे और मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक निकलने के लिए जगह भी बढ़ेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *