गणेश विसर्जन : तेज आवाज और फूहड़ गानों पर पुलिस का शिकंजा, 9 डीजे जब्त

गणेश विसर्जन : तेज आवाज और फूहड़ गानों पर पुलिस का शिकंजा, 9 डीजे जब्त

गणेश विसर्जन झांकी के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले डीजे संचालकों पर पुलिस ने सख्ती दिखाई। तय समय और निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन कर तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाने पर पुलिस ने नौ डीजे वाहनों को जब्त कर लिया। विसर्जन यात्रा से पहले पुलिस और राजस्व प्रशासन ने गणेश समितियों की बैठक लेकर स्पष्ट निर्देश दिए थे, इसके बावजूद कई डीजे संचालकों ने नियमों का पालन नहीं किया।

1000 से अधिक लोहे के कड़े जब्त

पुलिस की सख्ती केवल ध्वनि प्रदूषण तक सीमित नहीं रही। झांकी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के तहत युवाओं के हाथों में पहने लोहे के कड़े भी निकलवाए गए। पुलिस के अनुसार करीब 1000 से अधिक कड़े जब्त कर थाने में रखे गए हैं।

झांकी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के तहत युवाओं के हाथों में पहने लोहे के कड़े निकलवाए गए।
झांकी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के तहत युवाओं के हाथों में पहने लोहे के कड़े निकलवाए गए।

पहले हुआ विवाद, फिर बढ़ाई गई सतर्कता

विसर्जन यात्रा के दौरान बस स्टैंड में दो युवकों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान एक युवक ने दूसरे के सिर पर हाथ में पहने लोहे के कड़े से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने झांकी में शामिल युवाओं की जांच और निगरानी और कड़ी कर दी। एहतियात के तौर पर बड़ी संख्या में लोहे के कड़े निकलवाकर जब्त किए गए।

यह भी पढ़ें :

अर्जुनी-देवरी अंडरब्रिज में भरा पानी, 25 गांवों का संपर्क टूटा

एसपी के निर्देश पर देर रात तक तैनात रहा बल

पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चौहान के निर्देश पर विसर्जन यात्रा के लिए पहले से सुरक्षा योजना तैयार की गई थी। शहर में अलग-अलग स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया। 100 से अधिक जवान देर रात तक सुरक्षा व्यवस्था संभालते रहे। संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर भी पुलिस की नजर रही। पुलिस की सक्रियता के चलते आयोजन के दौरान किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

यह भी पढ़ें :

बालोद की सड़कों पर दौड़ रही मौत

भक्ति गीतों के बीच फूहड़ गानों पर भी उठे सवाल

विसर्जन यात्रा में कुछ डीजे संचालकों ने भक्ति गीत और निर्धारित ध्वनि में संगीत बजाया, वहीं कई जगह तेज आवाज में फूहड़ गाने भी सुनाई दिए। स्थानीय लोगों का कहना था कि बालोद की गणेश झांकी देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में डीजे की तेज आवाज के बजाय आकर्षक और बेहतर झांकियों पर जोर दिया जाए तो आयोजन की गरिमा और बढ़ सकती है। पुलिस ने रात में डीजे संचालकों से वाहन छोडऩे की मांग के बावजूद जब्त किए गए डीजे नहीं छोड़े। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की जांच की जा रही है।

गाइडलाइन का उल्लंघन करने वाले नौ डीजे वाहनों को किया जब्त

बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने कहा कि गाइडलाइन और नियमों के विपरीत तेज आवाज में साउंड सिस्टम चलाने वाले नौ डीजे वाहनों को जब्त किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है। झांकी में आए युवकों के हाथों से बड़ी संख्या में लोहे के कड़े भी निकलवाकर जब्त किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *