रतलाम के सैलाना पहुंचे प्रभारी मंत्री शाह ने छात्राओं से संवाद कर दी बड़ी सौगात

रतलाम के सैलाना पहुंचे प्रभारी मंत्री शाह ने छात्राओं से संवाद कर दी बड़ी सौगात

रतलाम। जिले के प्रभारी मंत्री विजय शाह बुधवार को सैलाना पहुंचे। माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर का निरीक्षण के दौरान अध्ययनरत छात्राओं से सीधा जनसंवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, परिसर में उपलब्ध सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा कर कई सौगात दी।

प्रभारी मंत्री के परिसर पहुंचने पर प्रशासनिक अधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। जनसंवाद कार्यक्रम में शाह ने कहा कि शिक्षा जीवन में आगे बढऩे का महत्वपूर्ण माध्यम है। विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के साथ लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।

छात्राओं को किया उपलब्ध अवसरों का उपयोग करने के लिए प्रेरित
उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढऩे और उपलब्ध अवसरों का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं ने परिसर में अध्ययन के दौरान उपलब्ध सुविधाओं सहित अन्य विषयों से संबंधित जानकारी प्रभारी मंत्री के समक्ष रखी। कार्यक्रम के बाद प्रभारी मंत्री शाह का काफिला सैलाना से इंदौर के लिए रवाना हुआ।

एक माह में चार विषयों के शिक्षक
प्रभारी मंत्री डॉ. शाह ने कहा कि एक माह के भीतर शिक्षा परिसर में कंप्यूटर, संगीत, खेल एवं क्राफ्ट शिक्षकों की व्यवस्था की जाएगी। खेल मैदान को भी व्यवस्थित किया जाएगा। इसके लिए एस्टीमेट तैयार कर विभाग को भेजने के निर्देश दिए। छात्राओं को चौथी मंजिल तक पहुंचने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 32 लाख रुपए की लागत से दो लिफ्ट लगाने की मंजूरी दी। परिसर में स्थाई एवं अच्छी गुणवत्ता का माइक सेट, वाईफाई कनेक्शन तथा आवश्यक टेबल-कुर्सियों की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि व्याख्याता के रिक्त पदों की तत्काल पूर्ति की जाए तथा छात्राओं को अच्छी पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं। छात्रावास में नर्स एवं सिक्योरिटी गार्ड की व्यवस्था आगामी वर्ष में की जाएगी। इस मौके पर शिक्षा परिसर में पौधरोपण किया।

ये रहे मौजूद
इस अवसर पर सांसद अनीतासिंह चौहान, जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य प्रदीप उपाध्याय एवं विप्लव जैन, पूर्व विधायक संगीता चारेल, प्रशासनिक अधिकारियों में कलेक्टर अजय कटेसरिया, सीईओ जिला पंचायत वैशाली जैन, एसडीएम सुनील जायसवाल, एसडीओपी लेखराज मीणा, तहसीलदार मनीष जैन सहित प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

छात्रा मृत्यु मामला, सैलाना में साक्ष्य प्रस्तुत करने का अवसर
छात्रा मृत्यु के मामले में साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए अवसर है, कोई भी व्यक्ति घटना से संबंध में कथन या साक्ष्य प्रस्तुत कर सकता हैं। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं दण्डाधिकारी सैलाना सुनील जायसवाल ने सैलाना स्थित छात्रावास में 15 सितंबर को हुई छात्रा की मृत्यु की घटना के संबंध में जानकारी देने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि कोई भी प्रत्यक्षदर्शी, अप्रत्यक्षदर्शी या घटना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी रखने वाला व्यक्ति अपना लिखित कथन शपथ पत्र सहित प्रस्तुत कर सकता है अथवा स्वयं उपस्थित होकर अपना बयान दर्ज करा सकता है। संबंधित व्यक्ति 7 अक्टूबर को प्रात: 11 बजे कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सैलाना में उपस्थित हो सकते हैं। वे अपने साथ उपलब्ध दस्तावेज, अभिलेख, फोटो, वीडियो या घटना से संबंधित अन्य साक्ष्य भी प्रस्तुत कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *