Rajasthan: पापा का आज ही रिटायरमेंट था… बेटा बोला- मगरमच्छ आया और झपटकर ले गया, आंखों के सामने गायब हो गए

Rajasthan: पापा का आज ही रिटायरमेंट था… बेटा बोला- मगरमच्छ आया और झपटकर ले गया, आंखों के सामने गायब हो गए

धौलपुर। चंबल नदी में पितरों को तर्पण करने गए 60 वर्षीय पटवारी मोहनलाल गुप्ता को मगरमच्छ पानी में खींच ले गया। हादसा बुधवार सुबह करीब 10 बजे हुआ। पटवारी मोहनलाल नदी किनारे तर्पण कर रहे थे, तभी अचानक मगरमच्छ ने झपट्टा मारा और उन्हें पानी में खींचकर ले गया। घटना के समय उनका बेटा चित्रांश और उनके मित्र अशोक त्यागी भी मौके पर मौजूद थे। दोनों ने शोर मचाकर मदद की कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ उन्हें पानी में लेकर गायब हो गया।

सूचना मिलते ही सागरपाड़ा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश शुरू की गई। बाद में सिविल डिफेंस की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस और रेस्क्यू टीम लगातार चंबल नदी में मोहनलाल की तलाश कर रही है। फिलहाल उनका कोई पता नहीं चल पाया है।

dholpur news
घटना स्थल पर जांच करती पुलिस। (फोटो-पत्रिका)

बेटे ने थाने में दी लिखित सूचना

पटवारी के बेटे चित्रांश ने पुलिस को लिखित सूचना देकर बताया कि उसके पिता चंबल नदी किनारे पितरों को तर्पण कर रहे थे। इसी दौरान मगरमच्छ अचानक आया और झपट्टा मारकर उन्हें पानी में खींच ले गया। घटना के वक्त उनके मित्र अशोक त्यागी भी साथ थे। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर वहां मोहनलाल के कपड़े और तर्पण की सामग्री रखी मिली।

नौकरी का आखिरी दिन था

मोहनलाल गुप्ता पुत्र कन्हैयालाल, धौलपुर के घंटाघर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। बुधवार को ही उनकी नौकरी का आखिरी दिन था और उन्हें सेवानिवृत्त होना था। रिटायरमेंट के दिन ही चंबल नदी में हुए इस हादसे की खबर से परिवार में मातम छा गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी नदी किनारे पहुंच गए।

तीन महीने पहले ही बेटी की शादी की थी

परिजनों के अनुसार मोहनलाल के परिवार में बेटा चित्रांश और बेटी लवी हैं। करीब तीन महीने पहले ही उन्होंने अपनी बेटी की शादी की थी। उनका बेटा चित्रांश पोस्ट ऑफिस में संविदाकर्मी के तौर पर काम करता है। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में पत्नी भी सहयोग करती हैं और ब्यूटी पार्लर चलाती हैं।

सर्च अभियान में जुटी सिविल डिफेंस की टीम

पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। गोताखोरों की मदद से संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है। फिलहाल बुधवार देर रात तक पटवारी का कोई पता नहीं चल सका।

यह वीडियो भी देखें :

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *