मथुरा में बुधवार शाम करीब 5 बजे से स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत नगर निगम मथुरा-वृंदावन की ओर से कृष्णानगर मार्केट और कृष्णानगर रोड को स्वच्छता मॉडल के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से जन-जागरूकता रैली निकाली गई। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र और नगर आयुक्त ओजस्वी राज की मौजूदगी में नागरिकों व व्यापारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। रैली नगर निगम के भूतेश्वर मुख्यालय से शुरू होकर कृष्णानगर तक पहुंची। इसमें नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, आईईसी वालंटियर, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, सफाई मित्र और कार्यदायी संस्थाओं के कर्मचारी शामिल हुए। रैली के दौरान ‘हम सबने ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है’ और ‘स्वच्छता अपनाएं, शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाएं’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के लिए प्रेरित किया गया। पंपलेट भी वितरित किए गए नगर निगम की टीम ने रोको-टोको अभियान चलाकर खुले में कूड़ा न फेंकने, नालियों में कचरा नहीं डालने और सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने की अपील की। व्यापारियों से प्रतिष्ठानों के सामने स्वच्छता बनाए रखने और कूड़ा निर्धारित कूड़ेदान अथवा अधिकृत कूड़ा संग्रहण वाहनों में डालने को कहा गया। इस दौरान नागरिकों और दुकानदारों को स्वच्छता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए। अभियान के दौरान करीब 18 छोटे-बड़े दुकानदारों के प्रतिष्ठानों के सामने गंदगी मिलने पर लगभग 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। आईईसी टीम ने ‘चॉक ऑफ शेम’ गतिविधि के तहत गंदगी वाले स्थानों पर स्वच्छता संबंधी स्लोगन लिखकर लोगों को जागरूक किया। नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने दुकानदारों से व्यक्तिगत रूप से स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। नगर निगम की ओर से अभियान प्रत्येक सप्ताह नियमित रूप से चलाया जाएगा। दुकानदारों से गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखने की अपील की गई। परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने भी नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

