हरदोई में हाल ही में हुई बारिश के कारण जनपद के कई सरकारी स्कूलों में बदहाल स्थिति सामने आई है। बिलग्राम ब्लॉक के अंतर्गत सांडी रोड स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय रसूलपुर गोवा में जलभराव और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता रामज्ञान गुप्ता ने बुधवार की सुबह करीब 8:30 विद्यालय का जायजा लिया। इस दौरान यह सामने आया कि स्कूल परिसर के अंदर और बाहर भारी जलभराव व कीचड़ होने के कारण छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्थानीय ग्रामीणों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा विद्यालय का भवन भी जर्जर स्थिति में है, जिससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। सपा नेता रामज्ञान गुप्ता ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों की समस्याएं सुनीं। इसके बाद उन्होंने डीएम राहुल पांडेय के सीयूजी नंबर पर संपर्क कर स्थिति से अवगत कराया। बातचीत के दौरान उन्होंने जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान और स्कूल परिसर के कायाकल्प व सौंदर्यीकरण की मांग की। अभिभावकों द्वारा शिकायतें दर्ज कराई इसके साथ ही उन्होंने प्रशासन का ध्यान अन्य व्यवस्थाओं की ओर भी आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि कई बच्चों को अभी तक स्कूल ड्रेस नहीं मिल पाई है, और मिड-डे मील के तहत मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी बच्चों व अभिभावकों द्वारा शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। जिलाधिकारी ने इस मामले को संज्ञान में लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के जल्द निस्तारण हेतु आवश्यक निर्देश दिए हैं। इस मौके पर रामू यादव, श्याम गुप्ता, धर्मेंद्र यादव, सच्चिदानंद त्रिपाठी, विकास त्रिपाठी समेत सैकड़ों ग्रामीण और अभिभावक उपस्थित रहे।

