Asian Games 2026: भारत की टीम में 5 ऐसे खिलाड़ी, जो अकेले मैच पलटने की रखते हैं ताकत

Asian Games 2026: भारत की टीम में 5 ऐसे खिलाड़ी, जो अकेले मैच पलटने की रखते हैं ताकत

Asian Games 2026, India vs Sri Lanka Semifinal: श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली भारतीय मेंस क्रिकेट टीम एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। भारतीय टीम का सामना श्रीलंका से होगा। मुकाबला 1 अक्टूबर को भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे जापान के निसिन स्थित कोरोगी एथलेटिक पार्क में खेला जाएगा। बारिश के कारण भारत और अफगानिस्तान का क्वार्टर फाइनल नहीं हो सका। श्रीलंका और नेपाल का मैच भी धुल गया। बेहतर रैंकिंग के आधार पर दोनों टीमें सेमीफाइनल में पहुंचीं।

भारत की टीम ने टूर्नामेंट में अभी तक कोई मुकाबला नहीं खेला है। ऐसे में मैदान पर उतरते ही उन खिलाड़ियों पर नजर होगी, जिन्होंने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी छाप छोड़ी है। टीम में ऐसे कई नाम हैं, जो अकेले दम पर मैच का रुख बदल सकते हैं। आइए आपको ऐसे ही खिलाड़ियों के बारे में बताते हैं, जो अकेले ही मैच का पासा पलटने का माद्दा रखते हैं।

अभिषेक शर्माः पावर प्ले के खतरनाक बल्लेबाज

टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अभिषेक शर्मा विस्फोटक बल्लेबाजों में सबसे बड़ा नाम हैं। उन्होंने 2026 में 27 T20 इंटरनेशनल मैचों में 743 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 204.68 है। वह एक शतक और 6 अर्धशतक लगा चुके हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ सितंबर में उन्होंने 34 गेंदों पर 108 रन की तूफानी पारी खेली। इससे पहले उसी सीरीज में 32 गेंदों पर 82 रन भी बनाए थे।

संजू सैमसनः तेजी से रन बनाने में माहिर

स्टार बल्लेबाज संजू सैमसन भी तेजी से रन बनाने में माहिर हैं। 2026 में उनके नाम 10 T20 इंटरनेशनल मैचों में 526 रन हैं। स्ट्राइक रेट 179.52 रहा है। वह पांच अर्धशतक लगा चुके हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ हालिया सीरीज में उन्होंने 22 गेंदों पर 57 और 35 गेंदों पर 50 रन बनाए।

ईशान किशन: शुरुआत में ही विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव

ईशान किशन का 2026 और भी शानदार रहा है। उन्होंने 27 T20 इंटरनेशनल मैचों में 905 रन बनाए हैं। औसत 34.80 और स्ट्राइक रेट 171.07 है। उनके नाम एक शतक और छह अर्धशतक हैं। इस साल उनका सर्वोच्च स्कोर 103 रन रहा। बाएं हाथ का यह बल्लेबाज शुरुआत में ही विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बना सकता है।

जसप्रीत बुमराह: यॉर्कर और डेथ ओवर

जसप्रीत बुमराह बल्ले से नहीं, गेंद से मैच बदलते हैं। 2026 में उन्होंने 15 T20I में 21 विकेट लिए हैं। उनका गेंदबाजी औसत 18.24 और इकॉनमी 7.22 है। टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 15 रन देकर चार विकेट लेना उनके साल के सबसे यादगार प्रदर्शनों में रहा। उनकी यॉर्कर और डेथ ओवर की गेंदबाजी श्रीलंका के खिलाफ अहम हो सकती है। एक-दो विकेट मैच की दिशा बदल सकते हैं।

वैभव सूर्यवंशीः आक्रामक खेल

वैभव सूर्यवंशी टीम का सबसे युवा और रोमांचक चेहरा हैं। उन्होंने 2026 में छह T20I मैचों में 193 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 189.21 है। दो अर्धशतक भी उनके नाम हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने 19 गेंदों पर 50 और 49 गेंदों पर 81 रन की पारियां खेलीं।

अब श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल में इन पांचों पर नजर रहेगी। अभिषेक और ईशान तेज शुरुआत दे सकते हैं। संजू सैमसन बड़ी पारी खेल सकते हैं। बुमराह गेंद से मैच बदल सकते हैं। वहीं वैभव अपने आक्रामक खेल से बड़ा असर छोड़ सकते हैं। भारत के लिए यह टूर्नामेंट का पहला मुकाबला होगा और सीधे नॉकआउट मैच में इन खिलाड़ियों का प्रदर्शन खास महत्व रखेगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *