‘भगवंत मान बताएं, कितनी एनकॉर्ड बैठकें हुईं? पंजाब में गृह मंत्री अमित शाह के भाषण की 5 बड़ी बातें

‘भगवंत मान बताएं, कितनी एनकॉर्ड बैठकें हुईं? पंजाब में गृह मंत्री अमित शाह के भाषण की 5 बड़ी बातें

Amit Shah Jalandhar Rally: जालंधर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को जालंधर में भाजपा की ‘नशामुक्त पंजाब यात्रा’ के समापन अवसर पर जनसभा को संबोधित किया। शाह ने आम आदमी पार्टी सरकार पर पंजाब में नशे के कारोबार को लेकर निशाना साधा और कहा कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में नशामुक्त पंजाब के मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने पंजाब की जनता से भाजपा को समर्थन देने की अपील करते हुए 31 दिसंबर 2029 से पहले पंजाब को ‘चिट्टे’ के कारोबार से मुक्त करने का वादा किया।

शाह ने जनसभा में मुख्यमंत्री भगवंत मान को संबोधित करते हुए कहा कि भगवंत मान साहब, बताइए कितनी एनकॉर्ड बैठकें हुईं? पंजाब ने तीन साल में एक भी बैठक नहीं की। उन्होंने नशे के खिलाफ कार्रवाई में राज्य सरकार की भूमिका पर सवाल उठाया। शाह ने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या को खत्म करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के बीच समन्वय जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा पंजाब को नशे से मुक्त करने के लिए ठोस कदम उठाएगी।

1.नशे में गुरुओं का अपमान करने वाला पंजाब को नशामुक्त नहीं कर सकता

अमित शाह ने कहा कि जो व्यक्ति नशे में धुत होकर गुरुओं का अपमान करता है, वह पंजाब को चिट्टे से मुक्त नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि नशे के कारण अपने बच्चों को खोने वाले परिवारों का दर्द उन्होंने खुद देखा है। शाह ने एक मां का जिक्र करते हुए कहा कि उसने अपने दो युवा बेटों की तस्वीर दिखाकर नशे का कारोबार बंद कराने की गुहार लगाई।

2.भाजपा का वादा- 31 दिसंबर 2029 से पहले पंजाब होगा चिट्टामुक्त

शाह ने पंजाब की माताओं और युवाओं से वादा किया कि यदि विधानसभा चुनाव में भाजपा को समर्थन मिलता है और कमल के फूल पर वोट दिया जाता है तो 31 दिसंबर 2029 से पहले पंजाब को चिट्टे के कारोबार से मुक्त कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पहले भी जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करके दिखाया है। इसी आधार पर उन्होंने पंजाब को नशामुक्त करने का संकल्प दोहराया।

3.आगामी चुनाव केवल नशामुक्त पंजाब के मुद्दे पर लड़ेगी भाजपा

अमित शाह ने कहा कि पंजाब के विधानसभा चुनाव में किसानों, उद्योग, कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा जैसे कई मुद्दे हैं। इसके बावजूद भाजपा चुनाव को नशामुक्त पंजाब के मुद्दे पर लड़ने की बात कह रही है। उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार पर आरोप लगाया कि उसके शासन में चिट्टे का कारोबार खुलेआम चलता रहा। शाह ने कहा कि भाजपा का अभियान केवल राजनीतिक एजेंडा नहीं, बल्कि पंजाब को बचाने का अभियान है।

4.कश्मीर से पूर्वोत्तर तक भाजपा ने आतंक और उग्रवाद खत्म किया

शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार के कामकाज का उल्लेख करते हुए कहा कि कश्मीर को आतंकवाद से मुक्त करने, 50 साल पुरानी नक्सल समस्या समाप्त करने और पूर्वोत्तर में उग्रवाद खत्म करने का काम भाजपा ने किया है। उन्होंने कहा कि अब भाजपा के सामने पंजाब को ‘चिट्टामुक्त’ करने की चुनौती है।

5.न ड्रग बेचने देंगे, न दूसरे राज्यों में सप्लाई होने देंगे

अमित शाह ने कहा कि पंजाब में नशीले पदार्थों की बिक्री नहीं होने दी जाएगी और यहां से देश के दूसरे राज्यों में भी इनकी आपूर्ति रोकने का काम किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा। शाह ने कहा कि पंजाब की जनता ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को मौका दिया है और अब भाजपा को पांच साल का मौका देकर देखना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा पंजाब को नशामुक्त बनाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *