औरैया के दिबियापुर थाना क्षेत्र के ऊमरसाना गांव में बुधवार सुबह एक युवक का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। करीब 30 वर्षीय मांगूराम की मौत से परिवार में दुख का माहौल है। पुलिस को सूचना मिलने पर टीम तुरंत मौके पर पहुंची। ग्राम ऊमरसाना निवासी सरजू सबिता ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे मांगूराम ने फांसी लगा ली है। परिजनों के अनुसार, युवक का शव घर के अंदर लटका था और दरवाजा बंद था। पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में परिवारजनों की मदद से दरवाजा खुलवाया और शव को नीचे उतरवाया। घटनास्थल से जरूरी सबूत इकट्ठा किए गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए मोरचरी चिचोली भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक गांव में ही हेयर ड्रेसर का काम करता था वह अविवाहित है।

