Karan Johar Koffee With Karan: बॉलीवुड के चर्चित टॉक शो ‘कॉफी विद करण’ के फैंस के लिए बड़ी खबर है। करण जौहर ने ऐलान कर दिया है कि शो का नौवां सीजन इसका आखिरी सीजन होगा। बुधवार को जारी किए गए भावुक प्रोमो में करण ने शो से जुड़ी अपनी यादों को साझा करते हुए कहा कि अब वह दर्शकों के साथ ‘एक आखिरी कप कॉफी’ पीने के लिए तैयार हैं। ‘कॉफी विद करण सीजन 9’ का प्रसारण 14 अक्टूबर से जियोहॉटस्टार पर होगा।
2004 में हुई थी शो की शुरुआत
‘कॉफी विद करण’ की शुरुआत साल 2004 में हुई थी। करण जौहर के मुताबिक, इस शो का विचार उन्हें अपने पिता यश जौहर से बातचीत के दौरान आया था। उन्होंने अपने पिता को बताया था कि वह अपने दोस्तों के साथ बातचीत पर आधारित एक टॉक शो करना चाहते हैं। इसके कुछ समय बाद यश जौहर का निधन हो गया और अगस्त 2004 में शो का पहला एपिसोड प्रसारित हुआ।
इसके बाद यह शो बॉलीवुड सितारों के इंटरव्यू, गॉसिप, विवादित बयानों, रैपिड फायर राउंड और मजेदार सवालों के लिए जाना जाने लगा।
‘नेपोटिज्म’ से लेकर कई विवादों तक
नए प्रोमो में करण जौहर ने शो से जुड़े कई चर्चित पहलुओं का जिक्र किया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि इस शो की वजह से आज भी वह ‘नेपोटिज्म’ शब्द से पीछा नहीं छुड़ा पाए हैं। शो में कई ऐसे मेहमान भी पहुंचे जो उस समय रिश्ते में थे, कुछ बाद में शादी के बंधन में बंधे और कुछ के रिश्ते खत्म हो गए।
करण ने यह भी मजाक किया कि शो ने कुछ राष्ट्रीय हस्तियों के करियर को लगभग खत्म कर दिया था। हालांकि यह टिप्पणी उन्होंने प्रोमो में हास्य के अंदाज में की।
करण जौहर ने क्यों कहा अलविदा?
शो खत्म करने को लेकर करण जौहर ने कहा कि कुछ यात्राओं को खत्म करने की योजना नहीं बनाई जाती, बल्कि एक समय ऐसा आता है जब भीतर से महसूस होता है कि उन्हें अब छोड़ देने का वक्त है। उन्होंने कहा कि ‘कॉफी विद करण’ उनकी जिंदगी का बेहद खास हिस्सा रहा है, जिसने उन्हें दोस्ती, यादें, पागलपन, प्यार और विवाद दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि इन सबके बीच दर्शकों का साथ हमेशा कायम रहा। करण ने अंतिम सीजन को दर्शकों और शो से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार जताने का जरिया बताया।
आखिरी सीजन में फिर होगा गॉसिप का तड़का
‘कॉफी विद करण’ के नौवें और आखिरी सीजन में एक बार फिर चर्चित हस्तियां नजर आएंगी। शो में गॉसिप, रैपिड फायर राउंड और कॉफी हैम्पर्स के साथ कई नए किस्से सामने आने की उम्मीद है। करण ने प्रोमो में कहा कि लोग उनकी अगली फिल्म से ज्यादा उनसे शो के नए सीजन के बारे में पूछते हैं। अब दर्शकों के पास 14 अक्टूबर से इस चर्चित शो का आखिरी सीजन देखने का मौका होगा।

