कौन है ललित प्रभाकर? फिल्म ‘प्रहार’ में निभा रहा अजमल कसाब का किरदार, राजकुमार राव के साथ स्क्रीन की शेयर

कौन है ललित प्रभाकर? फिल्म ‘प्रहार’ में निभा रहा अजमल कसाब का किरदार, राजकुमार राव के साथ स्क्रीन की शेयर

Who Is Lalit Prabhakar: राजकुमार राव की आने वाली फिल्म ‘प्रहार: द उज्ज्वल निकम स्टोरी’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है। फिल्म में राजकुमार राव विशेष सरकारी वकील उज्ज्वल निकम की भूमिका में नजर आएंगे, वहीं मराठी अभिनेता ललित प्रभाकर ने अजमल कसाब का किरदार निभाया है। 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के बाद हुए कसाब के मुकदमे पर आधारित इस फिल्म का निर्देशन अविनाश अरुण ने किया है। फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

कौन हैं ललित प्रभाकर?

ललित प्रभाकर मराठी सिनेमा और टेलीविजन का जाना-पहचाना नाम हैं। उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत मराठी टेलीविजन से की थी। ‘कुंकू’, ‘जीवलगा’ और ‘आभास हा’ जैसे धारावाहिकों में काम करने के बाद उन्होंने फिल्मों का रुख किया।

ललित ने 2017 में फिल्म ‘ची वा ची सौ का’ से बड़े पर्दे पर कदम रखा। इसके बाद वह ‘टीटीएमएम – तुझा तू माझा मी’, ‘हंपी’, ‘स्माइल प्लीज’, ‘डॉट्स’, ‘झॉम्बिवली’, ‘मीडियम स्पाइसी’, ‘सनी’, ‘कलरफूल’, ‘तारी’, ‘नाच गं घुमा’, ‘ग्राउंड जीरो’, ‘आरपार’, ‘प्रेमाची गोष्ट 2’, ‘सुपर डुपर’ और ‘तोह, ती आणि फुजी’ जैसी फिल्मों में नजर आए। उन्हें फिल्म ‘आनंदी गोपाल’ में डॉ. गोपालराव जोशी के किरदार के लिए भी काफी पहचान मिली।

कसाब के किरदार के लिए की खास तैयारी

‘प्रहार’ में अजमल कसाब का किरदार ललित प्रभाकर के लिए उनके अब तक के किरदारों से काफी अलग है। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने इस भूमिका के लिए ऑडिशन दिया था और फिल्म के निर्माताओं ने उन्हें इस चुनौतीपूर्ण भूमिका के लिए चुना।

ललित ने किरदार को समझने के लिए केवल बाहरी हावभाव पर ध्यान नहीं दिया, बल्कि कसाब की मनोवैज्ञानिक स्थिति, भाषा और शारीरिक हावभाव को समझने की कोशिश की। इस वजह से फिल्म में उनका रूप और अंदाज दर्शकों का ध्यान खींच रहा है।

राजकुमार राव और वामिका गब्बी भी अहम भूमिका में

‘प्रहार’ में राजकुमार राव के अलावा वामिका गब्बी, जयदीप अहलावत, सिकंदर खेर और आशीष विद्यार्थी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्माण दिनेश विजान की मैडॉक फिल्म्स ने किया है।

फिल्म का केंद्र 26/11 हमलों के बाद अजमल कसाब के खिलाफ चली कानूनी कार्रवाई और विशेष सरकारी वकील उज्ज्वल निकम की भूमिका पर है। ऐसे में ललित प्रभाकर का कसाब के किरदार में नजर आना फिल्म के महत्वपूर्ण हिस्सों में से एक माना जा रहा है। फिल्म 16 अक्टूबर को रिलीज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *