सांड को हटाने गया युवक ट्रेलर के नीचे आया, मौत:सींग मारा तो युवक का बैलेंस बिगड़ा; सब्जी खरीदने आया था, ट्रेलर जब्त

सांड को हटाने गया युवक ट्रेलर के नीचे आया, मौत:सींग मारा तो युवक का बैलेंस बिगड़ा; सब्जी खरीदने आया था, ट्रेलर जब्त

जालोर में मंगलवार रात को एक सड़क हादसे में 35 साल के युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब युवक सड़क किनारे खड़े जानवर को हटाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान सांड के सींग मारने से युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह पास से गुजर रहे ग्रेनाइट ब्लॉक से भरे ट्रेलर के टायरों के नीचे आ गया। मामला भाद्राजून थाना क्षेत्र का है। युवक सब्जी खरीदने निकला था भाद्राजून थानाधिकारी लालाराम ने बताया- मृतक की पहचान विनोद (35) पुत्र मलुकी सानी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के साहेबगंज जिले के साहुकिया का रहने वाला था और वर्तमान में भाद्राजून में ही रह रहा था। मंगलवार शाम करीब 7:30 से 8 बजे के बीच विनोद थाने के सामने स्थित बस स्टैंड के पास सब्जी खरीदने आया था। इसी दौरान बस स्टैंड के पास खड़े सांड को हटाने का प्रयास करते समय उसे सींग मार दिया। जिससे विनोद का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क से गुजर रहे ग्रेनाइट ब्लॉक से भरे ट्रेलर के नीचे गिर गया। ट्रेलर के पहियों के नीचे आने से मौत हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर के भारी पहिए युवक के ऊपर से गुजर गए। इससे उसका पेट फट गया। जिससे विनोद की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही भाद्राजून थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल पर जमा भीड़ को हटाया और शव को कब्जे में लेकर भाद्राजून अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रेलर को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले की अग्रिम जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *