Maharashtra Rain Alert: महाराष्ट्र में मानसून की वापसी का दौर शुरू हो गया है। इसके बीच राज्य के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। मुंबई में भी हाल ही में तेज बारिश देखने को मिली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, आज कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है।
इन जिलों में आंधी और बिजली गिरने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, नासिक, अहिल्यानगर, पुणे, कोल्हापुर, सातारा, सांगली और सोलापुर में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
सिंधुदुर्ग में भी 1 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसके बाद अगले कुछ दिनों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना जताई गई है।
वहीं, मराठवाड़ा के अधिकांश जिलों और विदर्भ में अगले 4-5 दिनों के दौरान मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है और कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
सातारा और कोल्हापुर में भी मौसम रहेगा खराब
मध्य महाराष्ट्र के कोल्हापुर और सातारा में 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा तेज हवाओं की संभावना है। सातारा के घाट क्षेत्रों में हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके बाद भी हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।
वहीं, पुणे के घाट क्षेत्रों में भी अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक, हल्की से मध्यम बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मुंबई में आज और अगले दिनों में हल्की बारिश
मुंबई के लिए मौसम विभाग ने 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारों का अनुमान जताया है। 2 से 4 अक्टूबर के बीच भी हल्की बारिश जारी रहने की संभावना है।
ठाणे में तेज हवा के साथ बारिश का अनुमान
ठाणे में 30 सितंबर को अलग-अलग स्थानों पर बिजली की चमक और गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। 1 और 2 अक्टूबर को हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।

