Dhanraj Nathwani Given Rajya Sabha Ticket: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए कारोबारी धनराज परिमल नथवानी को अपना प्रत्याशी बनाया है। नथवानी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड में ग्रुप प्रेसिडेंट हैं और मुकेश अंबानी के करीबी माने जाते हैं। वह बुधवार सुबह 11 बजे सपा महासचिव रामगोपाल यादव के साथ नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी मौजूद रहेंगे। सपा की ओर से राज्यसभा की तीन सीटों पर प्रत्याशी उतारे जाने की चर्चा है, लेकिन तीसरे नाम को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है।
दो उम्मीदवारों की जीत तय
राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 37 विधायकों के वोट जरूरी होंगे। सपा के पास फिलहाल 100 विधायक हैं, जिनमें से एक विधायक जेल में है। ऐसे में दो उम्मीदवारों का राज्यसभा पहुंचना तय माना जा रहा है। वहीं, तीसरे उम्मीदवार को जिताने के लिए सपा को कम से कम 12 और विधायकों के समर्थन की जरूरत होगी। यह समर्थन कहां से जुटाया जाएगा, इसे लेकर सपा की ओर से अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
जानिए कौन है धनराज परिमल
धनराज परिमल नथवानी का जन्म 5 फरवरी 1986 को मुंबई में हुआ था। उन्होंने लंदन के रेजेंट्स बिजनेस स्कूल से इंटरनेशनल बिजनेस की पढ़ाई की है। इसके अलावा नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट से कॉरपोरेट लॉ और पब्लिक रिलेशंस में एमबीए किया है। साल 2014 में उन्होंने भूमि नथवानी से शादी की। खेल प्रशासन में भी धनराज नथवानी की सक्रिय भूमिका रही है। वह गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन (GCA) के अध्यक्ष हैं। उन्होंने साल 2022 में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बाद यह जिम्मेदारी संभाली थी। इससे पहले वह एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। नरेंद्र मोदी स्टेडियम के निर्माण में भी उनकी अहम भूमिका बताई जाती है। इसके अलावा वह द्वारका देवस्थान समिति के उपाध्यक्ष भी हैं।
16 अक्टूबर को होगा चुनाव
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए 16 अक्टूबर को चुनाव होना है। इन सीटों पर मौजूदा राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को पूरा हो जाएगा। फिलहाल इन 10 सीटों में से आठ बीजेपी के पास हैं, जबकि समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के पास एक-एक सीट है। विधानसभा में पार्टियों की मौजूदा संख्या के हिसाब से बीजेपी आठ सीटें जीत सकती है, जबकि दो सीटें समाजवादी पार्टी के खाते में जा सकती हैं।

