सीहोर में टाइगर का आतंक, बकरी का किया शिकार:वन विभाग ने जारी किया अलर्ट, ग्रामीणों से अकेले जंगल नहीं जाने की अपील

सीहोर में टाइगर का आतंक, बकरी का किया शिकार:वन विभाग ने जारी किया अलर्ट, ग्रामीणों से अकेले जंगल नहीं जाने की अपील

​सीहोर जिले के आसपास के ग्रामीण एवं वन क्षेत्रों में हिंसक वन्य प्राणी संभवतः बाघ की मौजूदगी से भारी दहशत का माहौल बन गया है। बीती रात जहांगीरपुरा क्षेत्र में एक हिंसक वन्य प्राणी ने ग्रामीण के मवेशी बकरी पर हमला कर उसका शिकार कर लिया। घटना के बाद से ही ग्रामीणों में भय व्याप्त है। ​इसी बीच, धवोटी से धामनखेड़ा मार्ग पर आज फिर हिंसक प्राणी दिखाई देने की खबर सामने आई है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे कोनाझिर और कालापहाड़ क्षेत्र का बताया जा रहा है। इस मार्ग से होकर गुजरने वाले राहगीरों तथा विशेष रूप स ड्यूटी पर जाने वाले शिक्षक साथियों को सतर्कता व सावधानी बरतते हुए आवाजाही करने की सलाह दी जा रही है। ​वन विभाग का लाउडस्पीकर से ऐलान किया जंगल की ओर न जाएं ​घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग का अमला तुरंत हरकत में आया और प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर मुनादी लाउडस्पीकर से ऐलान करवाकर ग्रामीणों को सावधान किया। ​वन अधिकारी ने लाउडस्पीकर के माध्यम से ग्रामीणों को चेतावनी देते हुए कहा जहांगीरपुरा के समस्त ग्रामवासियों को सूचित किया जाता है कि वन क्षेत्र में हिंसक वन्य प्राणी की मौजूदगी की संभावना है। कृपया कोई भी व्यक्ति अकेले जंगल की ओर न जाए। साथ ही अपने पालतू मवेशियों को भी चरने के लिए वन क्षेत्र में न भेजें। ​फोटो-वीडियो बनाने की गलती न करें, अफवाहों से बचें ​वन विभाग के अधिकारी ने ग्रामीणों से संयम और सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने हिदायत दी कि ​किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। ​यदि कोई हिंसक वन्य प्राणी दिखाई देता है, तो उसकी फोटो या वीडियो बनाने की कोशिश बिल्कुल न करें, इससे प्राणी आक्रामक हो सकता है। ​किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वन्य प्राणी के दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें। ​वन विभाग ने आपातकालीन स्थिति के लिए अपना संपर्क नंबर जारी किया है और आश्वस्त किया है कि विभाग की टीम ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए 24 घंटे तत्पर है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *