प्रयागराज में एक 18 साल की एक युवती ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही घर में चोरी कर डाली। लिव-इन पार्टनर के साथ मिलकर साजिश रची। बाबा के पैतृक घर में रखे सोने-चांदी के गहनों और करीब ढाई लाख रुपये कैश चोरी कर लिया। चोरी के बाद जब पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो जो सच्चाई सामने आई। उसे जानकर घरवाले भी हैरान रह गए। पुलिस ने अब युवती और उसके लिव-इन पार्टनर को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि उसकी सहेली समेत तीन अन्य की तलाश में जुटी है। 2 तस्वीरें देखिए… अब पढ़िए पूरा मामला
यह घटना एयरपोर्ट क्षेत्र के शांति नगर झलवा की है। युवती प्रियांशी उर्फ साक्षी कटहुला गौसपुर गांव की रहने वाली है। वहीं उसके साथ उज्जवल द्विवेदी उर्फ वेदांत भी पकड़ा गया है। दोनों की उम्र 18 साल है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के 39 ग्राम सोना और 53 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। चार महीने से युवक के साथ रह रही थी
परिजनों के मुताबिक, प्रियांशी करीब चार महीने से उज्जवल के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। उसके युवक के साथ जाने के बाद से परिवार ने उससे संबंध खत्म कर लिए थे और उसका घर आना-जाना भी नहीं था। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि उज्जवल कोई काम नहीं करता था और पैसों की जरूरत के चलते दोनों ने चोरी की योजना बनाई। प्रियांशी को अपने पैतृक घर की अंदरूनी जानकारी थी। उसे पता था कि घर में सोने-चांदी के गहने और बड़ी रकम रखी रहती है। इसी जानकारी का इस्तेमाल करते हुए उसने अपने लिव-इन पार्टनर और एक सहेली और उसके प्रेमी के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। पहले से पता था कहां रखा है कैश-ज्वेलरी
योजना के मुताबिक 21 सितंबर की रात घर को निशाना बनाया गया। अलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने और करीब ढाई लाख रुपये नकद निकाल लिए गए। अगले दिन परिवार को चोरी का पता चला जब अलमारी का ताला खुला मिला और नकदी व गहने गायब थे। इसके बाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। फुटेज से परिवार को चोरी में युवती की भूमिका का पता चला। परिवार ने उसकी तलाश शुरू की और 28 सितंबर को नैनी में प्रियांशी और उज्जवल को चोरी के कुछ सामान के साथ पकड़ लिया। दोनों को एयरपोर्ट थाने ले जाकर पुलिस के हवाले किया गया। सीसीटीवी से खुला घर के अंदर की चोरी का राज
परिवार की सूचना और तहरीर के बाद एयरपोर्ट पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी के आभूषण बरामद किए। पुलिस अब वारदात में शामिल बताए जा रहे अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। थाना प्रभारी वैभव सिंह ने बताया- इस मामले में आरोपी युवती ने बयान दिया है कि बाकी की ज्वैलरी उसने अपनी सहेली सारिका और उसके साथी आयुष और मोनू को दी है। ऐसे में उनकी तलाश की जा रही है।

