मानव तस्करी रोकने महिला आयोग चलाएगी जागरूकता अभियान:राज्य महिला आयोग अध्यक्ष ने सरगुजा में की जनसुनवाई, 6 प्रकरण किए गए खत्म

मानव तस्करी रोकने महिला आयोग चलाएगी जागरूकता अभियान:राज्य महिला आयोग अध्यक्ष ने सरगुजा में की जनसुनवाई, 6 प्रकरण किए गए खत्म

छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने कहा कि, सरगुजा में मानव तस्करी रोकने आयोग जन जागरूकता अभियान चलाएगी। सरगुजा में मानव तस्करी और बस्तर में टोनही प्रताड़ना बड़ी समस्या है। इसे दूर करने पुलिस, न्याय पालिका और समाजसेवी संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा। सरगुजा दौरे पर पहुंची छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने कहा कि, सरगुजा में नाबालिग और युवतियों की मानव तस्करी हो रही है, जो चिंता का विषय है। इसे रोकने के लिए आयोग पुलिस और न्याय पालिका के साथ मिलकर जागरूकता अभियान चलाएगा। इसमें समाज सेवी संस्थाओं को भी शामिल किया जाएगा। डॉ. साहू ने कहा कि जागरूकता की कमी के कारण मानव तस्करी हो रही है। बस्तर संभाग में टोनही प्रताड़ना के मामले ज्यादा संख्या में आते हैं। सरगुजा संभाग में मानव तस्करी के। इसके लिए जागरूकता अभियान का लाभ मिलेगा। आयोग ने की 25 प्रकरणों की सुनवाई संभाग प्रभारी लक्ष्मी शुक्ला की मौजूदगी में मंगलवार को जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में संभाग के सरगुजा, सूरजपुर, जशपुर, कोरिया, बलरामपुर और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले से संबंधित कुल 25 प्रकरणों की सुनवाई की गई। जिनमें से 6 प्रकरणों को खत्म किया गया। सुनवाई के दौरान मानसिक प्रताड़ना से संबंधित एक केस में कलेक्टर को जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। वहीं, कार्यस्थल पर प्रताड़ना से जुड़े एक प्रकरण में सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग को जांच के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार घरेलू हिंसा एवं मानसिक प्रताड़ना से संबंधित अन्य प्रकरणों में संबंधित संरक्षण अधिकारियों को जांच कर आयोग के समक्ष प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के दौरान महिला बाल विकास अधिकारी जे.आर. प्रधान, नोडल अधिकारी विजय गुप्ता, विधिक सहायता टीम और संरक्षण अधिकारी मौजूद थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *