Tanishaa Mukerji Post On Electricity Cut: बॉलीवुड अभिनेत्री काजोल की बहन और पूर्व बिग बॉस कंटेस्टेंट तनीषा मुखर्जी (Tanishaa Mukerji) इन दिनों अपने पुश्तैनी घर को लेकर काफी परेशान हैं। अपने विंटेज हेरिटेज होम में महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड (MSEB) की मनमानी और भारी-भरकम बिलों को लेकर तनीषा ने पोस्ट शेयर किया है। जिसमें उन्होंने बिजली विभाग पर आरोप लगाया है कि ड्यू डेट (भुगतान की अंतिम तिथि) से पहले ही उनके घर की बिजली काट दी गई है और उन्हें पेमेंट करने के लिए मजबूर किया गया है।
तनीषा ने पोस्ट में क्या लिखा?
तनीषा मुखर्जी ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर अपना गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने महाराष्ट्र राज्य के बिजली बोर्ड को लेकर शिकायत की। तनीषा ने लिखा, “लोनावाला में महाराष्ट्र राज्य बिजली बोर्ड किसी माफिया की तरह काम कर रहा है! वे भारी-भरकम बिल भेज रहे हैं और बिना वजह बिजली काटकर लोगों को तुरंत पेमेंट करने के लिए मजबूर कर रहे हैं। यह बिल्कुल गैरकानूनी और क्रिमिनल है! शनिवार की शाम को आकर बिजली काट दी जाती है, भले ही ड्यू डेट बची हो। लोगों को एक तरह से बंधक बनाकर रखा जा रहा है।”
तनीषा ने अपनी इस पोस्ट में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री कार्यालय और टाटा पावर को टैग करते हुए अपील की, “प्लीज लोनावाला आइए! यहां कोई रेगुलेशन नहीं है। बिजली विभाग वाले बस अपनी मनमानी कर रहे हैं!”
यूजर्स के सवालों पर तनीषा ने दिया जवाब
तनीषा की इस पोस्ट पर जब एक यूजर ने सवाल उठाया कि वह अंतिम तिथि से पहले बिल क्यों नहीं भर्ती हैं, तो तनीषा ने जवाब दिया, “कोई भी अंतिम तारीख का इंतजार नहीं कर रहा है। लेकिन ड्यू डेट से पहले बिजली काटना और बिना वेरिफाई किए बिल जमा करने पर दबाव बनाना पूरी तरह से गैरकानूनी है!” वहीं एक अन्य पीड़ित यूजर को तनीषा ने सलाह दी कि वह सही अधिकारियों को टैग करें ताकि इस तानाशाही और मोनोपॉली को खत्म किया जा सके।

दादी शोभना समर्थ का ऐतिहासिक घर है ‘फ्रांजुपानी हाउस’
तनीषा का लोनावाला स्थित घर कोई साधारण प्रॉपर्टी नहीं है, बल्कि उनकी सुपरस्टार दादी शोभना समर्थ का पुश्तैनी बंगला है, जिसे हाल ही में तनीषा ने रेनोवेट कर ‘फ्रांजुपानी हाउस’ नाम से हेरिटेज होमस्टे में बदला है। तनीषा ने बताया कि उनकी मां तनुजा और उनका पूरा बचपन इसी घर में बीता है। उन्होंने इस घर के किसी भी पेड़ को काटे बिना इसे अपनी दादी की यादों के मुताबिक बहुत ही सुंदर और शानदार रूप दिया है।

