डूंगरपुर में पुलिस के ‘साइबर सुरक्षित राजस्थान’ अभियान के तहत वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनर्स के लिए एक कार्यशाला हुई। कोष कार्यालय और पेंशनर समाज ने मिलकर इसका आयोजन किया।
कृषि आत्मा विभाग के राजपुर स्थित सभा कक्ष में साइबर एक्सपर्ट्स ने बुजुर्गों को साइबर फ्रॉड व डिजिटल ठगी से बचने के तरीके बताए। पेंशन एवं पेंशनर्स कल्याण विभाग उदयपुर से अतिरिक्त निदेशक रुचि प्रियदर्शी, संयुक्त निदेशक मयंक व्यास, कोषाधिकारी एन आर बिश्नोई और साइबर थाने के सीआई मुकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स मौजूद रहे। सीआई मुकेश कुमार ने डिजिटल अरेस्ट, इन्वेस्टमेंट स्कैम समेत अन्य साइबर अपराधों की जानकारी दी, अपराधियों की पहचान व डिजिटल लेनदेन की सावधानियों पर भी बात की।
पेंशनर्स को अज्ञात लिंक, कॉल से बचने, निजी जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई। धोखाधड़ी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या नजदीकी साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं।

