Dactylitis: उंगली की सूजन सिर्फ मामूली समस्या नहीं, डर्मनेट से जानें किन बीमारियों का हो सकती है संकेत

Dactylitis: उंगली की सूजन सिर्फ मामूली समस्या नहीं, डर्मनेट से जानें किन बीमारियों का हो सकती है संकेत

Dactylitis Symptoms: कई बार हमारे हाथ या पैर की उंगलियों में अचानक ऐसी सूजन आ जाती है कि वे सूजकर किसी मोटी सॉसेज (कबाब या कचौड़ी जैसी गोल-मोटी आकार) की तरह दिखने लगती हैं। अक्सर लोग इसे किसी मामूली चोट, कीड़े के काटने या एलर्जी का असर मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह सिर्फ एक साधारण सूजन नहीं, बल्कि शरीर के अंदर पनप रही किसी गंभीर बीमारी का शुरुआती संकेत भी हो सकती है? उंगलियों में होने वाली इस तरह की गहरी सूजन को डक्टिलाइटिस (Dactylitis) या सॉसेज फिंगर्स (Sausage Fingers) कहा जाता है। आइए जानते हैं कि डक्टिलाइटिस क्या है, यह क्यों होती है और किन गंभीर बीमारियों का इशारा हो सकती है।

डक्टिलाइटिस (Dactylitis) क्या है और यह कैसे होती है?

डर्मनेट न्यूजीलैंड (DermNet) के मुताबिक, डक्टिलाइटिस सिर्फ त्वचा के ऊपर की सूजन नहीं है। यह तब होती है जब आपकी उंगली या अंगूठे की हड्डियों के जोड़ों, टेंडन (नसों को हड्डियों से जोड़ने वाली मांसपेशियां) और आसपास के टिश्यूज (ऊतकों) में एक साथ बहुत तेज सूजन आ जाती है। जब यह सूजन बढ़ती है, तो पूरी उंगली शुरू से लेकर आखिरी तक सूज जाती है, जिससे उंगली को मोड़ने या कोई सामान पकड़ने में बहुत तेज दर्द होता है। यह एक समय में हाथ या पैर की एक या एक से अधिक उंगलियों को प्रभावित कर सकती है।

इसके मुख्य लक्षण क्या दिखाई देते हैं?

क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, डक्टिलाइटिस की पहचान करना काफी आसान होता है क्योंकि इसके लक्षण काफी स्पष्ट होते हैं;

  • सॉसेज जैसी सूजन।
  • तेज दर्द और जकड़न।
  • त्वचा में बदलाव।
  • काम करने में परेशानी।

यह किन बीमारियों का संकेत हो सकती है?

डक्टिलाइटिस कोई खुद में अकेली बीमारी नहीं है, बल्कि यह शरीर में मौजूद अन्य बीमारियों का एक प्रमुख लक्षण है। डर्मनेट और क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार यह इन बीमारियों की वजह से हो सकती है;

  • सोरियाटिक आर्थराइटिस (Psoriatic Arthritis)।
  • सिकल सेल डिजीज (Sickle Cell Disease)।
  • रिएक्टिव या रूमेटॉइड आर्थराइटिस।
  • गंभीर इंफेक्शन- टीबी (Tuberculosis), सिफलिस।
  • गाउट (Gout)।

डॉक्टर इसकी जांच और इलाज कैसे करते हैं?

अगर उंगलियों में ऐसी सूजन दिखाई दे, तो डॉक्टर सबसे पहले मरीज का शारीरिक परीक्षण करते हैं। यह पता लगाने के लिए कि सूजन किस बीमारी की वजह से है, एक्स-रे या एमआरआई (X-Ray/MRI), ब्लड टेस्ट करवाए जाते हैं। डक्टिलाइटिस का इलाज इस बात पर निर्भर करता है कि इसका असली कारण क्या है, प्राथमिक राहत के लिए डॉक्टर NSAIDs (सूजन कम करने वाली दवाएं) या स्टेरॉयड के इंजेक्शन देते हैं। अगर कारण सोरियाटिक आर्थराइटिस है, तो इम्युनिटी को कंट्रोल करने वाली दवाएं (DMARDs/Biologics) दी जाती हैं। सिकल सेल होने पर हाइड्रोक्सीयूरिया और प्रचुर मात्रा में तरल पदार्थ दिए जाते हैं। वहीं इंफेक्शन होने पर एंटीबायोटिक्स दी जाती हैं।

कब डॉक्टर के पास जाना बहुत जरूरी है?

अगर आपकी किसी भी उंगली में अचानक बिना किसी चोट के तेज सूजन आ गई है, उंगली लाल व गर्म लग रही है और उसके साथ तेज दर्द हो रहा है, तो इसे घर पर बर्फ या तेल से सेकने की गलती बिल्कुल न करें। तुरंत किसी रूमेटोलॉजिस्ट (जोड़ों के विशेषज्ञ) या डॉक्टर से संपर्क करें ताकि सही समय पर बीमारी का पता लगाकर उंगलियों और जोड़ों को हमेशा के लिए खराब होने से बचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *