अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) मेरठ महानगर की ओर से मंगलवार को ‘त्वम् हि दुर्गा’ युवती सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में होगा। इसमें शहर के विभिन्न महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों की छात्राएं शामिल होंगी। सम्मेलन में नारी शक्ति, शिक्षा, संस्कृति, सामाजिक दायित्व और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर छात्राएं अपने विचार रखेंगी। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान भी कार्यक्रम में शामिल होंगी। ABVP महानगर अध्यक्ष डॉ. नेहा गर्ग ने बताया कि कार्यक्रम तीन चरणों में होगा। पहला चरण सुबह 10 बजे युवती सम्मेलन के साथ शुरू होगा। इसमें वक्ता नारी शक्ति की ऐतिहासिक भूमिका और वर्तमान समय में युवतियों की जिम्मेदारी पर विचार रखेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे छात्राओं की शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा सीसीएसयू से शुरू होकर तेजगढ़ी चौराहे से होते हुए पीवीएस मॉल तक जाएगी। दोपहर 1 बजे कार्यक्रम का तीसरा चरण शुरू होगा, जिसमें खुले मंच का आयोजन किया जाएगा। इसमें छात्राओं को विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा। प्रांत सह मंत्री अंजली मिश्रा ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य युवतियों को अपनी बात रखने और सामाजिक विषयों पर सक्रिय रूप से संवाद करने का मंच देना है। सम्मेलन में शिक्षा, महिला नेतृत्व, सामाजिक सहभागिता, भारतीय संस्कृति, युवा शक्ति और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर चर्चा होगी। साथ ही शिक्षा, प्रशासन, संस्कृति और सामाजिक जीवन में भारतीय महिलाओं के ऐतिहासिक योगदान को सामने रखते हुए वर्तमान समय में युवतियों की जिम्मेदारियों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

