Mysuru Dasara में सैन्य झांकियों और Air Show के लिए DK Shivakumar ने Rajnath Singh से मांगा सहयोग

Mysuru Dasara में सैन्य झांकियों और Air Show के लिए DK Shivakumar ने Rajnath Singh से मांगा सहयोग

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर मैसूरु दशहरा उत्सव के दौरान तीनों सैन्य बलों की झांकियों और औपचारिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने का अनुरोध किया। उन्होंने इस साल 21 अक्टूबर को होने वाले उत्सव के दौरान एक ‘एयर शो’ आयोजित करने का भी अनुरोध किया। शिवकुमार ने यहां संवाददाताओं से कहा कि केंद्र ने इन अनुरोधों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।

मुख्यमंत्री ने बेंगलुरु में कई प्रमुख शहरी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को प्रभावित कर रहे भूमि संबंधी मुद्दों के समाधान और मंजूरी प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए रक्षा मंत्रालय से हस्तक्षेप का भी अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने शहर के लिए स्थायी सार्वजनिक पार्क और हरित क्षेत्र के रूप में इबलुर फायरिंग रेंज के पास स्थित करीब 730 एकड़ सैन्य भूमि को विकसित करने का प्रस्ताव दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘हमने सुझाव दिया है कि इस भूमि का इस्तेमाल केवल पार्क के रूप में किया जाए, इसमें कोई व्यावसायिक विकास नहीं हो और इसका स्वामित्व रक्षा अधिकारियों के पास ही रहे।’’
शिवकुमार ने सेना की करीब 43.838 एकड़ जमीन पर स्थित 10 अधिसूचित झुग्गी बस्तियों के लिए व्यावहारिक समाधान की मांग की।

मुख्यमंत्री शिवकुमार ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से भी मुलाकात करके कई अहम जल संसाधन परियोजनाओं के लिए जल्द मंजूरी दिए जाने का अनुरोध किया। इनमें 16,745 करोड़ रुपये की ‘मेकेदातु बैलेंसिंग जलाशय’ और पेयजल परियोजना भी शामिल है। शिवकुमार ने केंद्रीय मंत्री से कहा कि राज्य की पेयजल, सिंचाई और सूखे से निपटने की जरूरतों को पूरा करने तथा कर्नाटक को जल संसाधनों में अपना वाजिब हिस्सा इस्तेमाल करने में सक्षम बनाने के लिए पानी से जुड़े लंबित मामलों पर समय पर फैसले लेना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *