BJP Leader Murder: जमीन दिखाने घर से निकले भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या, सीआईडी-एसटीएफ ने संभाला मोर्चा

BJP Leader Murder: जमीन दिखाने घर से निकले भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या, सीआईडी-एसटीएफ ने संभाला मोर्चा

Bangal BJP Leader Murder: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के बोलपुर में भाजपा नेता चंदन भल्ला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सीआईडी और एसटीएफ ने जांच शुरू कर दी है और पुलिस राजनीतिक रंजिश के साथ जमीन विवाद के पहलू की भी जांच कर रही है। 

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के बोलपुर में भाजपा नेता चंदन भल्ला की गोली मारकर हत्या के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। सीआईडी और एसटीएफ ने सोमवार से मामले की जांच शुरू कर दी और राजनीतिक रंजिश के साथ जमीन विवाद के पहलू को भी खंगाला जा रहा है। 47 वर्षीय चंदन भल्ला की रविवार रात त्रिशूलपट्टी के मिलपाड़ा इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह बोलपुर नगर पालिका के वार्ड 11 में भाजपा के बूथ अध्यक्ष थे। साथ ही बोलपुर भूमि एवं भूमि सुधार विभाग में कैशियर के पद पर काम करते थे और जमीन की खरीद-फरोख्त से भी जुड़े थे।

जमीन दिखाने के लिए घर से निकले थे

परिजनों के अनुसार, चंदन एक संभावित खरीदार को जमीन दिखाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और बेहद करीब से उन पर गोली चला दी। वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। चंदन के छोटे बेटे शुभ्रकांति भल्ला ने बोलपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में किसी आरोपी का नाम नहीं दिया गया है। पुलिस ने सोमवार घटनास्थल की जांच की। डीआईजी और जिला पुलिस अधीक्षक विदित राज भुंडेश ने मौके पर पहुंचकर जांच की निगरानी की। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

खोजी कुत्ते ने पांच किलोमीटर तक सुराग तलाशा

हत्या के बाद पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी थी। सोमवार को आसनसोल से खोजी कुत्ता ‘लकी’ लाया गया। जर्मन शेफर्ड ने घटनास्थल से करीब पांच किलोमीटर दूर आरती सिनेमा चौराहे तक रास्ता तलाशा। पुलिस को आशंका है कि हमलावर बहिरी गांव की ओर भागे होंगे। इसके बाद छह सदस्यीय फोरेंसिक टीम ने मौके से खून के नमूने, बाइक के टायर के निशान और जूतों के निशान जुटाए। पुलिस गोली चलाने में इस्तेमाल हथियार के प्रकार, गोली चलाने की दूरी और हथियार कहां से आया, इसकी भी जांच कर रही है।

सीसीटीवी और मोबाइल कॉल की जांच

जांचकर्ताओं ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या से पहले और बाद में वहां कौन-कौन आया था। चंदन के मोबाइल की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है, ताकि पता चल सके कि हत्या से पहले उन्हें किसने फोन किया था और घटना के दौरान कोई बातचीत हुई थी या नहीं।

पत्नी ने बताया राजनीतिक हत्या

चंदन की पत्नी श्यामोली भल्ला ने हत्या को राजनीतिक मामला बताया है। उन्होंने कहा कि उनके पति को घर से बुलाया गया और फिर गोली मार दी गई। उन्होंने पुलिस से आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त सजा दिलाने की मांग की। बीरभूम भाजपा संगठनात्मक जिले के अध्यक्ष उदयशंकर बनर्जी ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। उन्होंने पुलिस से पूरी जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को भी दी जाएगी।

  

​

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *