मैनपुरी में बच्चों के विवाद में घर में घुसकर हमला:महिला और मासूम को लात घूसों से पीटा, पीड़िता ने एसपी से की शिकायत

मैनपुरी में बच्चों के विवाद में घर में घुसकर हमला:महिला और मासूम को लात घूसों से पीटा, पीड़िता ने एसपी से की शिकायत

मैनपुरी के बरनाहल थाना क्षेत्र के सुनूपुर गांव में बच्चों के बीच खेल के दौरान हुए विवाद के बाद मामला एक महिला की पिटाई तक पहुंचने का आरोप है। महिला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर गांव के ही कुछ लोगों पर घर में घुसकर उसके साथ मारपीट करने और जातिसूचक गालियां देने का आरोप लगाया है। महिला के मुताबिक घटना के समय उसकी गोद में शिशु था। आरोप है कि विरोध करने पर लात-घूंसों और डंडों से उसके साथ मारपीट की गई। महिला ने थाने में शिकायत के बावजूद कार्रवाई और मेडिकल न कराए जाने का भी आरोप लगाया है। सुनूपुर निवासी निशा देवी पत्नी यतेंद्र कुमार ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 21 सितंबर की शाम करीब सात बजे गांव के कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान बच्चों के बीच मारपीट हो गई। महिला का आरोप है कि इसी विवाद को लेकर गांव के आनंद सिंह, सुमित कुमार, सूरज, रीमा और रश्मी उसके घर में घुस आए। पीड़िता का आरोप है कि घर में घुसने के बाद आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। महिला ने जब इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। महिला के मुताबिक वह उस समय अपनी गोद में छोटे बच्चे को लिए हुए थी। आरोप है कि लात-घूंसों और डंडों से मारपीट में उसके शरीर पर चोटें आईं। निशा देवी का कहना है कि घटना के बाद उसने 21 सितंबर को बरनाहल थाने पहुंचकर शिकायत की, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। उसने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट में लगी चोटों का मेडिकल परीक्षण तक नहीं कराया गया। महिला ने एसपी से पूरे मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई है। उसने नामजद लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने और कानूनी कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *