धौलपुर के फूलपुर गांव में पोखर में पिकअप गिरने से चार लोगों की मौत के बाद प्रशासन ने सोमवार को कार्रवाई की। पोखर के आसपास के अवैध निर्माण जेसीबी से हटाए गए। कार्रवाई से पहले अतिक्रमण चिह्नित हुआ। इसमें मकान, टीन शेड, लैट्रिन-बाथरूम और बाउंड्री जैसे निर्माण हटाए गए। इस दौरान प्रशासन व पुलिस के जवान मौके पर तैनात थे। सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों समेत 70 से ज्यादा पुलिस जवान तैनात थे। सिविल डिफेंस टीम और एंबुलेंस भी मौके पर मौजूद रहीं। धौलपुर तहसीलदार हेमंत शर्मा, मनियां तहसीलदार ताराचंद सैनी और मनियां सीओ खलील अहमद समेत कई अधिकारी मौजूद थे। अतिक्रमण हटाने का काम शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हुआ। यह कार्रवाई उस हादसे के बाद हुई, जिसमें कुछ दिन पहले एक पिकअप पोखर में गिरी थी और चार लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद सुरक्षा व अतिक्रमण पर सवाल उठे थे। अधिकारियों ने बताया कि यह पोखर की सुरक्षा के लिए जरूरी था। भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो, इसकी निगरानी रखी जाएगी।

