कन्नौज जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास 55 निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। ये जानकरी देते हुए डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बताया कि इन कार्यों की कुल लागत 4 करोड़ 12 लाख 95 हजार है। डीएम ने बताया कि विकास खण्ड कन्नौज क्षेत्र में कुल 23 निर्माण कार्यों के लिए 2 करोड़ 17 लाख 09 हजार की धनराशि की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसी प्रकार विकास खण्ड सौरिख में 18 निर्माण कार्यों के लिए 98 लाख 10 हजार तथा विकास खण्ड उमर्दा में 14 निर्माण कार्यों के लिए 97 लाख 76 हजार की लागत निर्धारित की गई है। इस प्रकार तीनों विकास खण्डों में कुल 55 निर्माण कार्य कराए जाएंगे, जिनकी कुल लागत 4,12,95,000 है। इन विकास कार्यों के माध्यम से संबंधित ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी तथा स्थानीय स्तर पर विकास को गति प्राप्त होगी। इन सभी कार्यों का प्रस्ताव वहां के (प्रशासक) ब्लाक प्रमुखों ने दिया था। सम्बंधित क्षेत्र खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित करते हुए डीएम ने कहाकि स्वीकृत सभी निर्माण कार्यों को समय से गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए। उन्होंने कार्यों के क्रियान्वयन में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।

