इंदौर के अलग-अलग वार्डों से सामने आ रही जनसमस्याओं के समाधान में दैनिक भास्कर एप का ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। इस मंच के जरिए नागरिक अपनी समस्याएं सीधे संबंधित विभागों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचा रहे हैं। शिकायत सामने आने के बाद जिम्मेदार उसका संज्ञान लेकर कार्रवाई कर रहे हैं, जिससे लोगों को राहत मिल रही है। (आमजन से जुड़ी जनसमस्याएं और शहर की जमीनी हकीकत पोस्ट करने के लिए यहां क्लिक करें…) वार्ड 11 के पार्षद कमल बघेला बने आज के ‘पब्लिक स्टार’ वार्ड 11 के लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन के पास निवासी ऋतिक यादव ने ‘भास्कर समाधान’ पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि शौचालय में काफी गंदगी जमा थी और लाइन भी चोक थी। करीब 10 दिन से सफाई नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी हो रही थी। शिकायत सामने आने के बाद आज के ‘पब्लिक स्टार’ पार्षद कमल बघेला ने मामले पर संज्ञान लिया और शौचालय की सफाई करवाकर समस्या का समाधान कराया। एप से लोगों को मिल रहा समाधान पलड़ा: टूटा चेंबर का ढक्कन बदला, हादसे का खतरा टला वार्ड 75 के पलड़ा मेन रोड, उद्योग नगर, नेमावर रोड के पास निवासी दीपक हनुमंते ने ‘भास्कर समाधान’ पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मेन रोड पर चेंबर का ढक्कन बीच से टूट गया था और खुला ढक्कन पड़ा होने से हादसे का खतरा बना हुआ था। शिकायत सामने आने के बाद संबंधित विभाग ने संज्ञान लिया और चेंबर का ढक्कन बदलवा दिया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने दैनिक भास्कर, इंदौर नगर निगम और महापौर का आभार जताया। गंदी बैकलाइन, अधूरी सड़कों और मलबे से परेशान शहरवासी खातीवाला टैंक: बैकलाइन में कचरे का अंबार, फैली गंदगी वार्ड 65 के ईश्वर प्रेम मार्ग, बैरथी कॉलोनी, गुरुद्वारे के सामने निवासी परमजीत सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि बैकलाइन में काफी कचरा फैला हुआ है और लंबे समय से सफाई नहीं हुई है। इससे रहवासियों को परेशानी हो रही है। उन्होंने बैकलाइन की सफाई कराने की मांग की है। लेक पैलेस कॉलोनी: डेढ़ साल से अधूरी सड़क, बारिश में कीचड़ और जलभराव वार्ड 16, जोन क्रमांक 1 के लेक पैलेस कॉलोनी निवासी विकास वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि सड़क का भूमि पूजन दिसंबर 2024 में हुआ था और फरवरी 2025 में चैंबर भी बना दिया गया था, लेकिन इसके बाद सड़क का काम आगे नहीं बढ़ा। बारिश में यहां कीचड़, जलभराव और गड्ढों की समस्या हो जाती है। झाड़ियों और जलभराव के कारण सांप निकलने से भी रहवासियों में डर बना रहता है। सूर्या देव नगर: रेन वाटर हार्वेस्टिंग के लिए खोदी सड़क अधूरी वार्ड 81 के हवा बंगला रोड, सत्य देव नगर, सूर्या देव नगर निवासी आनंद दुबे ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि रेन वाटर हार्वेस्टिंग पाइप बिछाने के लिए तीन दिन पहले सड़क खोदी गई थी, लेकिन इसके बाद काम आगे नहीं बढ़ा। जून में काम शुरू होने के बावजूद सड़क अब तक रिपेयर नहीं हुई है। वहीं, नर्मदा पाइप में लीकेज की समस्या भी बनी हुई है। विजय नगर: रॉयल प्रीमियम की सड़क बदहाल, वाहन चालकों को परेशानी वार्ड 31 के ओल्ड एबी रोड, रॉयल प्रीमियम, स्कीम नंबर 74 निवासी रितेश मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि सड़क पिछले कई सालों से खराब है और यहां कोई निर्माण कार्य नहीं हुआ है। सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन चालक गिर जाते हैं। यह सड़क वसंत विहार को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, इसलिए यहां से रोजाना बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं। पब्लिक को आवाज देने का डिजिटल प्लेटफॉर्म दैनिक भास्कर एप का ‘भास्कर समाधान’ ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी अपने क्षेत्र की सिविक समस्याएं सीधे पोस्ट कर सकते हैं। शिकायत संबंधित विभाग और जिम्मेदारों तक पहुंचती है। समस्या का समाधान होने पर यूजर्स इसकी जानकारी एप पर अपडेट भी कर सकते हैं। अधिकारी भी बता सकेंगे, क्या कार्रवाई की इस प्लेटफॉर्म पर संबंधित अधिकारी अपनी कार्रवाई की जानकारी भी साझा कर सकते हैं। अधिकारी मैप पर शिकायत की लोकेशन देखकर मौके पर कार्रवाई कर सकते हैं और समाधान होने पर एप के जरिए शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी दे सकते हैं। ‘भास्कर समाधान’ बदलाव की पहल ‘भास्कर समाधान’ का उद्देश्य शहर की जनसमस्याओं को सीधे जिम्मेदारों तक पहुंचाना है, ताकि आमजन और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद हो और समस्याओं के समाधान में तेजी आए।

