विधायक-सांसदों की लगेगी क्लास:सेवा संकल्प अभियान की प्रतिदिन फोटो मुख्यालय भेजनी होगी, तावड़े ने माना दीप प्रज्ज्वलन के भव्य आयोजन में चूक हुई

विधायक-सांसदों की लगेगी क्लास:सेवा संकल्प अभियान की प्रतिदिन फोटो मुख्यालय भेजनी होगी, तावड़े ने माना दीप प्रज्ज्वलन के भव्य आयोजन में चूक हुई

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं यूपी के प्रभारी विनोद तावड़े ने माना है कि पीएम मोदी के जन्मदिन पर “आशीर्वाद का एक दीप”(आशीवार्द का दीया) कार्यक्रम का भव्य आयोजन करना चूक हुई। उन्होंने इस चूक के समाधान के लिए विधायकों और सांसदों को सेवा संकल्प अभियान में जुटने को कहा है। तावड़े ने प्रदेश नेतृत्व से स्पष्ट कहा कि जो सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक अभियान की प्रतिदिन की फोटो प्रदेश मुख्यालय को नहीं भेजेंगे उनकी रिपोर्ट उन्हें दी जाए। ऐसे कार्यकर्ताओं की लखनऊ में अलग से बैठक की जाएगी। भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े इन दिनों पूरी तरह यूपी में सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने और इस अभियान के जरिए चुनाव प्रचार का पहला चरण पूरा करने में जुटे हैं। बीते सप्ताह तावड़े ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिए अभियान की समीक्षा की। तावड़े ने वीसी में माना कि पीएम मोदी के जन्मदिन के दिन यूपी में कई जगह दीप प्रज्ज्वल के भव्य आयोजन करने में चूक हुई है। पीएम मोदी ने खुद आह्वान किया था कि तेल की बचत करें, उसके बाद दीप प्रज्ज्वलन के भव्य आयोजन में हुई तेल की खपत को विपक्ष ने मुद्दा बनाया। उन्होंने कहा कि खैर हो गया तो हो गया, अब इसमें आगे अभियान को बेहतर बनाना है। तावड़े ने कहा कि ऐसा फीडबैक मिल रहा है कि विधायक, सांसद, पूर्व विधायक और पूर्व सांसद सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय नहीं है। उन्होंने कहा कि जबकि उन्हें प्रतिदिन सेवा संकल्प अभियान के किसी न किसी कार्यक्रम में शामिल होकर उसे सफल बनाना है। इतना ही नहीं जिस कार्यक्रम में शामिल हुए हैं उसकी फोटो भी प्रदेश मुख्यालय को भेजनी होगी। उन्होंने प्रदेश नेतृत्व से कहा कि जो विधायक, सांसद, पूर्व विधायक और पूर्व सांसद फोटो नहीं भेजेंगे उनकी सूची तैयार कर दिल्ली भेजी जाए। ऐसे नेताओं के लिए आगामी दिनों में लखनऊ में अलग से बैठक की जाएगी। वीसी में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, अभियान के प्रभारी एवं प्रदेश महामंत्री राजेश चौधरी, प्रदेश महामंत्री संजय राय, राम प्रताप सिंह, गीता शाक्य, शंकर लोधी मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय नेतृत्व की ओर से पीएम मोदी के जन्मदिन पर आशीर्वाद का एक दीया (आशीर्वाद का एक दीप) कार्यक्रम रखा गया था। इसमें कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को अपने-अपने घर, दफ्तर और प्रतिष्ठान पर एक-एक दीपक ही जलाना था। जनता से भी एक-एक दीपक जलाने का ही आग्रह करना था। लेकिन लखनऊ सहित कई जिलों में पार्टी के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए हजारों दीप प्रज्ज्वलित करा दिए। वहीं आम जनता के घरों तक अभियान अपेक्षित मात्रा में नहीं पहुंचा। सोशल मीडिया पर पीएम मोदी के तेल बचत के भाषण और भाजपा नेताओं के भव्य दीप प्रज्ज्वलन के वीडियो वायरल कर भाजपा को घेरा गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *