यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS 2026) के तीसरे दिन ग्रेटर नोएडा में कारोबारी गतिविधियां तेज रहीं। रविवार को इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 2 लाख से ज्यादा विजिटर्स पहुंचे। शाम 5 बजे तक 6,700 B2B बैठकें हुईं और 1,150 MoU साइन किए गए। इस दौरान केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल भी मौजूद रहे। उन्होंने फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशंस (FIEO) द्वारा आयोजित एक नॉलेज सेशन में हिस्सा लिया। इसमें भारत के मुक्त व्यापार समझौतों (FTAs) से वैश्विक व्यापार वृद्धि पर चर्चा हुई। सत्र में यूपी के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, MSME मंत्री भूपेंद्र चौधरी समेत कई अधिकारी और उद्योग प्रतिनिधि शामिल हुए। पीयूष गोयल ने निर्यातकों और MSMEs से FTAs का लाभ उठाकर नए अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचने का आह्वान किया।

