लखनऊ के शिया पीजी कॉलेज में मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश स्टेट माइनॉरिटी कमीशन के चेयरमैन मोहसिन रजा रहे। समारोह में लखनऊ विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में गोल्ड मेडल हासिल करने वाले कॉलेज के छात्र-छात्राओं को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। मलेशिया में अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने वाले छात्र और अखिल भारतीय स्तर पर बेस्ट कैडेट अवॉर्ड हासिल करने वाले एनसीसी नेवल व आर्मी विंग के कैडेट्स को भी सम्मानित किया गया। समारोह की शुरुआत में ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के महासचिव मौलाना यासूब अब्बास, कॉलेज प्रबंधक अब्बास मुर्तजा शम्सी, प्रबंध समिति के वरिष्ठ सदस्य प्रो. एसएसएच तकवी और प्राचार्य प्रो. एसएसआर बाकरी ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ, स्मृति-चिह्न और शॉल भेंट कर स्वागत किया। मौलाना यासूब अब्बास ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में समुदाय के विद्यार्थियों की उपलब्धियां लगातार बढ़ रही हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में कॉलेज के गोल्ड मेडलिस्ट छात्रों की संख्या हर वर्ष बढ़ना इसका उदाहरण है। उन्होंने मोहसिन रजा के क्रिकेटर से राजनेता बनने तक के सफर का उल्लेख करते हुए समाज के लिए उनके प्रयासों की सराहना की। कॉलेज प्रबंधक अब्बास मुर्तजा शम्सी ने कहा कि शिया पीजी कॉलेज बहुसांस्कृतिक शैक्षणिक संस्थान है और लगातार प्रगति कर रहा है। वरिष्ठ सदस्य प्रो. एसएसएच तकवी ने कहा कि कॉलेज छात्रों को उत्कृष्ट शिक्षा के साथ उनके सर्वांगीण विकास पर भी ध्यान दे रहा है। मुख्य अतिथि मोहसिन रजा ने कहा कि शिक्षा समाज में नेतृत्व पैदा करने और उसे आगे बढ़ाने का माध्यम है। उन्होंने गोल्ड मेडलिस्ट छात्रों को चमकते हीरे बताते हुए कहा कि कॉलेज के शिक्षक और प्रबंधन इन प्रतिभाओं को तराशने का काम कर रहे हैं। अंत में प्राचार्य प्रो. एसएसआर बाकरी ने अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का आभार जताया। समारोह में विभिन्न संकायों के वरिष्ठ शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

