Tamil Nadu announced cash prize of INR 50 lakh for Abhay Singh: अभय सिंह ने एशियन गेम्स 2026 में स्क्वैश पुरुष एकल में सिल्वर मेडल जीता। तमिलनाडु सरकार ने उन्हें 50 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
Abhay Singh: भारतीय स्क्वैश खिलाड़ी अभय सिंह ने रविवार को जापान के आइची-नागोया में जारी एशियाई खेल 2026 में सिल्वर मेडल हासिल किया। अभय सिंह को फाइनल मुकाबले में मलेशिया के एनजी ईन यो से 0-3 (9-11, 5-11, 5-11) से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही वह सौरव घोषाल के बाद एशियाई खेलों में पुरुष एकल वर्ग में सिल्वर मेडल जीतने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए। अभय सिंह की इस उपलब्धि पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने उन्हें 50 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि देने की घोषणा की।
तमिलनाडु मुख्यमंत्री कार्यालय ने अपने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, ‘जापान में आयोजित 20वें एशियन गेम्स में स्क्वैश के पुरुष एकल वर्ग में सिल्वर मेडल जीतकर तमिलनाडु और भारत का गौरव बढ़ाने वाले स्क्वैश खिलाड़ी अभय सिंह को मैं अपनी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। उनकी इस शानदार उपलब्धि की सराहना करते हुए तमिलनाडु सरकार की ओर से उन्हें 50 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। स्क्वैश खिलाड़ी अभय सिंह की यह जीत तमिलनाडु के युवा खिलाड़ियों और महिला खिलाड़ियों के लिए नई प्रेरणा का स्रोत बनेगी। मैं कामना करता हूं कि वे भविष्य में भी अनेक सफलताएं हासिल कर तमिलनाडु और भारत का गौरव बढ़ाते रहें।’
बता दें कि तमिलनाडु सरकार इससे पहले स्क्वैश जोड़ी जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार, एथलीट बारानिका इलांगोवन, बैडमिंटन खिलाड़ी ए. हरिहरन, क्रिकेटर जी. कमलिनी तथा रिले धावकों विशाल टी.के. और विथ्या रामराज के लिए भी नकद पुरस्कारों की घोषणा कर चुके है।
सीएम योगी और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने दी बधाई
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभय सिंह को बधाई दी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में लिखा, ‘एशियन गेम्स 2026 में पुरुष एकल स्क्वैश स्पर्धा में सिल्वर मेडल हासिल करने पर अभय सिंह को हार्दिक बधाई। पूरे टूर्नामेंट के दौरान उनका जुझारूपन और संयम सराहनीय रहा।’
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी एक्स पर लिखा, ‘एशियन गेम्स में पुरुष एकल स्क्वैश स्पर्धा में सिल्वर मेडल हासिल करने पर अभय सिंह को हार्दिक बधाई। कोर्ट पर उनका शानदार प्रदर्शन रहा’
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी दी बधाई
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी अभय सिंह को बधाई दी। उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, ‘2026 में पुरुष एकल स्क्वैश स्पर्धा में सिल्वर मेडल हासिल कर अभय सिंह ने अपने कौशल, धैर्य और दृढ़ संकल्प का शानदार प्रदर्शन किया। उनका प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय स्क्वैश की ताकत और उज्ज्वल संभावनाओं को दर्शाता है। आशा है कि वे आने वाले समय में निरंतर नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे और अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।’
Sports – Patrika | CMS

