कपूरथला के नजदीकी गांव धालीवाल दोना में शनिवार देर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच उस समय भारी दहशत फैल गई, जब 20 से 25 युवकों ने दो अलग-अलग घरों पर ताबड़तोड़ फायरिंग और तोड़फोड़ कर दी। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही साइंस सिटी पुलिस चौकी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल की जांच के दौरान तीन खाली कारतूस के खोल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। मुख्य आरोपी मोनू ढप्पई पर मामला दर्ज, पुलिस की छापेमारी जारी डीएसपी शीतल सिंह ने बताया कि जांच में मोनू ढप्पई मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया है, जिसकी जालंधर पुलिस को भी दो मामलों में तलाश है। आरोपी को पकड़ने के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। साइंस सिटी चौकी इंचार्ज एएसआई संदीप सिंह के अनुसार, गांव निवासी सुखप्रीत सिंह उर्फ लाडी के बयानों के आधार पर मोनू ढप्पई व अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की गहनता से जांच कर रही है। पुरानी रंजिश बताई जा रही वजह शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस गोलीबारी का संबंध कुछ समय पहले जालंधर के मंड गांव के पास हुई एक लड़ाई से है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की तफ्तीश कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगी हुई हैं।

