छात्राओं ने अपर सचिव से पूछा- परीक्षा परिणाम समय पर क्यों नहीं आते

छात्राओं ने अपर सचिव से पूछा- परीक्षा परिणाम समय पर क्यों नहीं आते

ग्वालियर.कॉलेजों में पढ़ाई के साथ परीक्षा परिणाम, छात्रवृत्ति और करियर को लेकर विद्यार्थियों की परेशानियां बनी हुई हैं। शनिवार को उच्च शिक्षा विभाग के अपर सचिव अनुपम राजन के सामने शासकीय कमला राजा कन्या स्वशासी महाविद्यालय और वीआरजी महाविद्यालय मुरार की छात्राओं ने इन मुद्दों को लेकर सीधे सवाल किए। छात्राओं ने पूछा कि परीक्षा परिणाम समय पर जारी क्यों नहीं होते और छात्रवृत्ति की प्रक्रिया में देरी से उन्हें किन परेशानियों का सामना करना पड़ता है। छात्राओं ने नई शिक्षा नीति के तहत पढ़ाई और करियर के अवसरों को लेकर भी अपनी जिज्ञासाएं रखीं। अपर सचिव अनुपम राजन दोनों महाविद्यालयों के भ्रमण पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने छात्राओं और प्राध्यापकों से संवाद कर शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों की समस्याओं और कॉलेजों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। छात्राओं ने परीक्षा परिणाम में देरी, छात्रवृत्ति से जुड़ी प्रक्रिया और करियर काउंसिलिंग की जरूरत को प्रमुखता से उठाया। अपर सचिव ने संबंधित विषयों पर जानकारी देते हुए विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।

नई शिक्षा नीति और करियर पर भी चर्चा

संवाद के दौरान अपर सचिव ने छात्राओं से नई शिक्षा नीति के तहत संचालित पढ़ाई, विषय चयन, आगे की पढ़ाई और रोजगार के अवसरों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से यह भी समझने का प्रयास किया कि कॉलेज स्तर पर उन्हें करियर को लेकर किस तरह की काउंसिलिंग और मार्गदर्शन की जरूरत है। छात्राओं ने कहा कि पढ़ाई के साथ रोजगार और उच्च शिक्षा के विकल्पों की जानकारी मिलने से उन्हें भविष्य की योजना बनाने में मदद मिलेगी। अतिथि विद्वानों ने भी अपर सचिव के सामने अपनी समस्याएं और अपेक्षाएं रखीं। उन्होंने कॉलेजों में शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों की जानकारी दी। अपर सचिव ने संबंधित विषयों को सुना और आवश्यक स्तर पर कार्रवाई का भरोसा दिया।

डिजिटल स्टूडियो, म्यूजियम और लाइब्रेरी देखी

भ्रमण के दौरान अपर सचिव ने कमला राजा महाविद्यालय में डिजिटल स्टूडियो, म्यूजियम और लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। उन्होंने महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों और विद्यार्थियों के लिए संचालित सुविधाओं की जानकारी ली। प्राचार्य डॉ. साधना श्रीवास्तव ने महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, व्यवस्थाओं और उपलब्ध संसाधनों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने वीआरजी महाविद्यालय मुरार का भी भ्रमण किया। यहां उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों से संवाद कर कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था और उनकी समस्याओं के बारे में फीडबैक लिया। भ्रमण के दौरान ग्वालियर-चंबल संभाग के अतिरिक्त संचालक डॉ. के. रत्नम और ओएसडी डॉ. अनिल शर्मा भी मौजूद रहे।

प्राचार्यों ने रखीं कॉलेजों की समस्याएं

महाविद्यालयों के भ्रमण के बाद ग्वालियर-चंबल संभाग के विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रशासनिक और शैक्षणिक व्यवस्थाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। प्राचार्यों ने अपने-अपने महाविद्यालयों की समस्याएं, आवश्यकताएं और अपेक्षाएं अपर सचिव के सामने रखीं। उन्होंने महाविद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों को बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों से जुड़े मामलों के त्वरित निराकरण की जरूरत बताई। अपर सचिव ने प्राचार्यों की समस्याओं को सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *