अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र में बढ़ते अपराधों और अवैध धंधों पर लगाम लगाने के लिए शनिवार दोपहर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने भालूमाड़ा थाने का घेराव करते हुए घंटी बजाई और पुलिस प्रशासन की नींद खोलने का अनोखा तरीका अपनाया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कोतमा एसडीओपी आरती शाक्य को अपनी 11 मांगों का ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने इलाके में मवेशी तस्करी, जुआ-सट्टा, अवैध शराब की बिक्री, मेडिकल नशा और चोरी जैसी बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर गहरा दुख और चिंता जताई। ज्ञापन में की गईं ये प्रमुख मांगें मवेशी तस्करी, जुआ-सट्टा, अवैध शराब और मेडिकल नशे की बिक्री पर तुरंत कड़ी कार्रवाई हो। पुलिस की दिन और रात की गश्त बढ़ाई जाए ताकि चोरी की वारदातों पर रोक लग सके। अवैध धंधों में शामिल लोगों और उनके पूरे नेटवर्क की जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाए। युवाओं को नशे, जुए और अपराध से दूर रखने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं। लोगों की शिकायतों की समय पर और निष्पक्ष जांच की जाए। अवैध कामों की खबर देने वाले लोगों की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाए। युवा कांग्रेस ने पुलिस से मांग की है कि इलाके में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और जनता के दिल में सुरक्षा का भरोसा जगाने के लिए जल्द से जल्द विशेष अभियान शुरू किया जाए।

