Maharashtra Crime: महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में एक वृद्धाश्रम में हुए हमले से सनसनी फैल गई। एमआईडीसी क्षेत्र के विलद घाट स्थित मातोश्री वृद्धाश्रम में रहने वाले एक बुजुर्ग ने कथित तौर पर अपने ही साथ रह रहे बुजुर्गों पर हमला कर दिया। इस हमले में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अहिल्यानगर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
सुबह-सुबह वृद्धाश्रम में मची चीख पुकार
पुलिस के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 6 बजे हुई। बताया जा रहा है कि राजू घुले नाम के एक व्यक्ति ने वृद्धाश्रम में मौजूद अपने ही बुजुर्गों साथियों पर हमला किया। हमले में कई बुजुर्गों को गंभीर चोट आई है। हमले की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और वृद्धाश्रम में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
उधर, घटना की सूचना मिलते ही एमआईडीसी पुलिस थाने और स्थानीय अपराध शाखा की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने भी घटनास्थल का दौरा किया।
दो बुजुर्गों की मौके पर मौत
जानकारी के अनुसार, हमले में गंभीर रूप से घायल दो बुजुर्गों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान महाकालेश्वर बाबूराव हेणे (60) और दत्तात्रेय शंकर हारके (85) के रूप में हुई है।
वहीं, हमले में घायल छह लोगों को अहिल्यानगर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार घायलों में एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों की पहचान गणेश छबु घोड़के (60), बालासाहेब अंबादास घाडगे (67), गोरख नारायण फुंदे (75), साहेबराव दगडू भवर (63), लिंबराज दामोदर पिस्के (80) और संतोष ब्रिंगल (60) के रूप में हुई है।
पुलिस कर रही हमले के कारणों की जांच, हथियार बरामद
पुलिस ने हमले में इस्तेमाल किए गए हथियार को बरामद कर लिया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने अपने साथ रह रहे बुजुर्गों पर हमला क्यों किया।
पुलिस उपाधीक्षक (DSP) शिरीष वमने ने बताया कि आरोपी द्वारा इस खौफनाक कदम को उठाने के पीछे क्या वजह थी, इसका अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है और आरोपी के मानसिक स्वास्थ्य व पुराने विवादों के पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
उधर, इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस की जांच के बाद हमले की पूरी वजह और घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगी।

