हरदा में कांग्रेस विधायक डॉ. आरके दोगने 27 सितंबर से पोखरनी-हरदा सड़क की बदहाली के मुद्दे पर पदयात्रा निकालेंगे। पदयात्रा 27 सितंबर को छीपाबड़ के अंबेडकर चौक से शुरू होगी। 28 सितंबर को कलेक्ट्रेट पहुंचेगी। दोगने ने कहा कि खंडवा-नर्मदापुरम स्टेट हाईवे पर पोखरनी से हरदा तक सड़क खराब है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। डॉ. दोगने ने पूर्व मंत्री कमल पटेल द्वारा सड़क मरम्मत के लिए किए गए भूमि पूजन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पटेल पहले भी ऐसे भूमि पूजन कर चुके हैं। इस मार्ग पर पहले से मरम्मत का काम चल रहा है। निर्माण का टेंडर भी नहीं हुआ है। उन्होंने 500 करोड़ रुपए की लागत से निर्माण की बात को जनता के साथ धोखा बताया। दोगने ने भूमि पूजन की वैधता पर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या यह सरकारी कार्यक्रम था। इसके लिए किस विभाग ने अनुमति दी थी। दोगने ने कमल पटेल के खिलाफ टिप्पणी करते हुए उन्हें मानसिक इलाज कराने की सलाह भी दी। जनता की समस्या को लेकर पदयात्रा डॉ. दोगने ने कहा कि 27 सितंबर को छीपाबड़ से शुरू होने वाली पदयात्रा किसी व्यक्तिगत राजनीतिक स्वार्थ के लिए नहीं है। इसका उद्देश्य पोखरनी से हरदा तक बदहाल सड़क से परेशान लोगों की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के साथ प्रशासन से लंबित सड़क कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग की जाएगी। दोगने ने सड़क की गुणवत्ता, निर्माण की समय-सीमा और लंबित हिस्से में काम शुरू नहीं होने के कारणों की जानकारी भी सार्वजनिक करने की मांग की।

