उन्नाव में 3 दिन तक आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट:DM ने सावधानी बरतने, घर से न निकलने की सलाह दी

उन्नाव में 3 दिन तक आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट:DM ने सावधानी बरतने, घर से न निकलने की सलाह दी

उन्नाव में मौसम को लेकर जिला प्रशासन ने 29 सितंबर तक अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), क्षेत्रीय मौसम केंद्र लखनऊ के पूर्वानुमान के अनुसार इस अवधि में जिले के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष घनश्याम मीणा ने जनपदवासियों से मौसम खराब होने के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों और निचले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है। बिजली कड़कने और तेज हवा के समय खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने को कहा गया है। साथ ही बिजली के खंभों, तारों और अन्य विद्युत उपकरणों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। तेज हवाओं के दौरान पेड़, होर्डिंग्स, विद्युत पोल तथा अन्य अस्थायी संरचनाओं के आसपास जाने से भी बचने को कहा गया है। प्रशासन ने कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। मौसम की स्थिति अधिक खराब होने पर ऐसे स्थानों को छोड़कर सुरक्षित जगह पर जाने की सलाह दी गई है। बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने और बच्चों को जलभराव वाले स्थानों तथा नदी-नालों के आसपास नहीं जाने देने को कहा गया है। जिला प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी ताजा जानकारी और चेतावनियों पर नजर रखने की अपील की है। इसके लिए सचेत (SACHET) ऐप तथा जिला प्रशासन की ओर से जारी होने वाली सूचनाओं को देखने को कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र को सूचना देने की अपील की गई है। प्रशासन ने कहा है कि मौसम में अचानक बदलाव के दौरान सावधानी बरतना जरूरी है। बिजली गिरने या तेज हवाओं की स्थिति में सुरक्षित भवन के अंदर रहने को प्राथमिकता दी जाए। जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल अधिकृत स्रोतों से जारी मौसम संबंधी सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *