Bedsheet Reuse Ideas: घर में बेडशीट पुरानी होने के बाद लोग अक्सर उसे यह सोचकर अलमारी या स्टोर रूम में रख देते हैं कि कभी जरूरत पड़ेगी तो काम आएगी। कई बार नई बेडशीट आने के बाद पुरानी चादर का इस्तेमाल कम हो जाता है। वहीं रंग फीका पड़ने, किनारे से फटने या किसी हिस्से के हल्का जल जाने पर भी लोग उसे फेंकने के बजाय संभालकर रखते हैं। लेकिन अगर चादर का कपड़ा साफ और इस्तेमाल लायक है तो इसे रखने के बजाय दोबारा कई कामों में लगाया जा सकता है। थोड़ी सी कटिंग और सिलाई की मदद से पुरानी बेडशीट से घर की कई उपयोगी चीजें बनाई जा सकती हैं। आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ आसान तरीके।
सफाई के लिए डस्टर बनाएं
अगर बेडशीट पुराना हो गया है, लेकिन कपड़ा साफ करने के काम आ सकता है तो उसे छोटे टुकड़ों में काट के डस्टर बना सकते है। इन कपड़ों का इस्तेमाल टेबल, पंखे, फर्नीचर, किचन काउंटर और दूसरी सतहों की सफाई के लिए किया जा सकता है। इस्तेमाल के बाद कपड़े को धोकर दोबारा काम में लिया जा सकता है। इससे सफाई के लिए बार बार नए डिस्पोजेबल कपड़े या टिश्यू लेने की जरूरत कम हो सकती है।
बैग बनाएं
अगर चादर का कपड़ा मजबूत है तो उससे घर के इस्तेमाल के लिए कपड़े का बैग बनाया जा सकता है। इसके लिए बेडशीट को अपनी जरूरत के हिसाब से काटकर किनारों की सिलाई करें और ऊपर दो मजबूत पट्टियां लगा दें। इस बैग का इस्तेमाल सब्जी, किराने का सामान या दूसरी हल्की चीजें रखने के लिए किया जा सकता है। बैग बनाने से पहले कपड़े की मजबूती जरूर जांच लें।
फर्नीचर को ढकें
पुरानी बेडशीट को सोफा, कुर्सी या दूसरे फर्नीचर को ढकने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। खासकर घर में छोटे बच्चे या पालतू जानवर हों तो फर्नीचर जल्दी गंदा हो सकता है। ऐसे में ऊपर से चादर डालने से धूल और रोज की गंदगी सीधे फर्नीचर पर नहीं पहुंचेगी। चादर गंदी होने पर इसे निकालकर धोना भी आसान रहता है।
पर्दे बनाएं
अगर बेडशीट का कपड़ा बहुत ज्यादा घिसा हुआ नहीं है और उसका डिजाइन अभी भी अच्छा है तो इससे पर्दे बनाए जा सकते हैं। चादर को खिड़की या दरवाजे के हिसाब से काटकर किनारों की सिलाई कर दें। ऊपर पर्दे की रॉड लगाने के लिए जगह बनाई जा सकती है। इस तरह पुरानी चादर को बिना ज्यादा खर्च किए घर की सजावट में इस्तेमाल किया जा सकता है।
बिस्तर बनाएं
पुरानी बेडशीट से डॉग या कैट के लिए आरामदायक बिस्तर भी बनाया जा सकता है। इसके लिए चादर की कई परतें करके उसे मोटा किया जा सकता है या अंदर पुराने साफ कपड़े और तौलिये रखकर बिस्तर तैयार किया जा सकता है। पेट के अलावा पुरानी चादर को कई परतों में मोड़कर बच्चों के खेलने के लिए मैट भी बनाया जा सकता है। मैट तैयार करते समय ध्यान रखें कि कपड़े में कोई खुला धागा, नुकीला हिस्सा या ऐसी सिलाई न हो जिससे बच्चे को चोट लगने का खतरा हो।
कुशन और तकिए के कवर बनाएं
अगर बेडशीट का कपड़ा अभी अच्छा है तो इससे कुशन या तकिए के कवर बनाए जा सकते हैं। पुरानी चादर पर सुंदर प्रिंट है तो उसके डिजाइन वाले हिस्से को कवर के सामने की तरफ रखा जा सकता है। इसके लिए कुशन या तकिए के आकार के हिसाब से कपड़ा काटकर सिलाई करनी होगी। इससे पुरानी चादर का अच्छा हिस्सा दोबारा काम में आ जाएगा।
टेबल कवर या रनर बनाएं
पुरानी बेडशीट को टेबल के आकार के हिसाब से काटकर टेबल कवर बनाया जा सकता है। अगर पूरी चादर इस्तेमाल नहीं करना चाहते हैं तो इसके लंबे हिस्से को काटकर टेबल रनर भी बनाया जा सकता है। प्रिंट वाली चादर से बना रनर डाइनिंग टेबल को नया लुक दे सकता है।
किचन के लिए एप्रन बनाएं
खाना बनाते समय कपड़ों पर तेल, मसाले और खाने के दाग लग सकते हैं। ऐसे में पुरानी बेडशीट के मजबूत हिस्से से एप्रन बनाया जा सकता है। कपड़े को शरीर के हिसाब से काटकर कमर और गले के पास बांधने के लिए पट्टियां लगा दें। एप्रन के लिए ऐसा हिस्सा चुनें जो साफ, मजबूत और बहुत ज्यादा घिसा हुआ न हो।

