बारिश से हुए जल जमाव ने बढ़ाई परेशानी, वाराणसी में डेंगू के 47 मरीज मिले, नगर निगम को विभाग ने लिखा खत

बारिश से हुए जल जमाव ने बढ़ाई परेशानी, वाराणसी में डेंगू के 47 मरीज मिले, नगर निगम को विभाग ने लिखा खत

Varanasi dengue Case: वाराणसी में हो रही लगातार बारिश ने यहां रहने वाले लोगों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। शहर के हर वार्ड और हर मोहल्ले में जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसी बीच मच्छर जनित रोग भी निकलकर सामने आ रहे हैं। जल जमाव के कारण मच्छरों के लार्वा तेजी से पनप रहे हैं। इसके कारण डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। मलेरिया विभाग ने नगर निगम को पत्र लिखकर स्वच्छता अभियान चलाने को कहा है। विभाग के मुताबिक, डेंगू के 47, मलेरिया के 7 और चिकनगुनिया के 4 मरिज अब तक मिल चुके हैं।

नगर निगम करे एंटी लार्वा का छिड़काव

जिला मलेरिया अधिकारी शरत चंद्र पांडे ने बताया है कि एडीज और एनोफीलिज मच्छरों का लार्वा कुलर, गमलों पुराने टायर, बाल्टी और खुले बर्तनों में तेजी से पनप रहे हैं। इसके साथ ही कई स्थानों पर जल जमाव है, उसके कारण भी इनमें बढ़ोतरी हो रही है। इन मच्छरों के काटने से डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियां पनप रही हैं। विभाग की ओर से नियमित एंटी लारवा छिड़काव फॉगिंग और सफाई अभियान चलाने के लिए नगर निगम से कहा गया है।

उधर दूसरी तरफ पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल स्थित डॉक्टर्स कॉलोनी में बारिश का पानी कई दिनों से जमा है। सड़क से लेकर आवास तक जल जमाव होने से कॉलोनी में रहने वाले स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को परेशानी हो रही है। पानी जमा होने के बाद एक तरफ डॉक्टर्स बदबू से परेशान हैं, तो दूसरी तरफ मच्छरों का भी प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है।

सीएमओ ने की अपील

वाराणसी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. एनपी सिंह ने लोगों से अपील की है कि अपने घरों के आसपास जल जमाव न होने दें। कुलर का पानी हर सप्ताह बदलें और बर्तनों को भी ढक कर रखें। पुराने टायर, खाली डिब्बे और गमले के नीचे यदि पानी जमा होता है, तो उसे तुरंत ही साफ कर दें। सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करें और पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहने। उन्होंने बताया कि इस समय डेंगू काफी तेजी फैल रहा है। यदि बुखार, जोड़ों में दर्द, सिर दर्द या शरीर में दर्द जैसे लक्षण दिखाई देते हैं तो तुरंत ही नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर या किसी भी अस्पताल में जाकर अपने खून की जांच कराएं और डॉक्टर से उचित परामर्श लेकर दवाइयों का इस्तेमाल करें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *