करनाल के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की झुग्गियों में शुक्रवार को एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप दो युवकों पर लगे हैं। घटना के समय बच्ची की मां काम पर गई हुई थी। परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को मेडिकल जांच के लिए करनाल के ट्रामा सेंटर लेकर गई। पुलिस शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई करेगी। झुग्गी के बाहर बर्तन धो रही थी बच्ची
पीड़िता के अनुसार शुक्रवार को वह अपनी झुग्गी के बाहर बर्तन धो रही थी। उस समय उसकी मां काम पर गई हुई थी और वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान दो युवक उसके पास आए और उसे जबरन अपने साथ ले गए। बच्ची ने घटना के बाद अपनी मां को इसकी जानकारी दी। मां मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल लेकर आई। मां का आरोप- परिवार ने दी धमकी
पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी के साथ दो युवकों ने दुष्कर्म किया है। महिला के अनुसार घटना के बाद वह दोनों युवकों के घर गई थी। आरोप है कि वहां उनके परिवार वालों ने बच्चों को समझाने के बजाय उसे ही धमकी दी और कहा कि जो करना है, कर लेना। इसके बाद महिला ने पुलिस को शिकायत दी और बच्ची को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल लेकर पहुंची। मेडिकल के बाद होगी आगे की कार्रवाई
मौके पर पहुंचे डायल-112 के इंचार्ज भूपेंद्र सिंह ने बताया कि टीम को नाबालिग बच्ची के साथ गलत काम होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को अस्पताल लेकर आई। यहां उसका मेडिकल कराया जा रहा है। मामले की जानकारी सिविल लाइन थाना पुलिस को भी दे दी गई है। उन्होंने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मामले को लेकर जांच शुरू कर दी है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आरोपों की पुष्टि और मामले से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पीड़िता और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

